छत्तीसगढ़ के महासमुंद में किसान ने बोया धान, सर्वेयर ने लिख दिया धनिया
महासमुंद जिले के बागबाहरा तहसील अंतर्गत ग्राम हिच्छा में डिजिटल क्रॉप सर्वे के दौरान सर्वेयर ने किसान के खेत में खड़ी धान की फसल को धनिया दर्ज कर दिया। सरकारी रिकॉर्ड में इस बड़ी त्रुटि के कारण किसान समर्थन मूल्य पर अपना धान नहीं बेच पा रहा है।
Publish Date: Tue, 17 Nov 2026 02:11:36 PM (IST)Updated Date: Tue, 17 Nov 2026 02:37:30 PM (IST)
एआई इमेज।HighLights
- पटवारी ने कहा- धान और धनिया के पौधे एक जैसे दिखने से हुई त्रुटि, जल्द होगा सुधार
- शीतकालीन फसल धनिया को वर्षाकालीन फसल के तौर पर दर्ज करने पर उठे सवाल
- सर्वेयर की गलती से किसान नहीं बेच पा रहा धान, सुधार के लिए तहसील कार्यालय के काट रहा चक्कर
नईदुनिया प्रतिनिधि, महासमुंद। जिले के एक किसान भोलाराम साहू ने खेत में धान की फसल बोई, लेकिन सरकारी सर्वेयर ने गिरदावरी (डिजिटल क्रॉप सर्वे-डीसीएस) के दौरान उसे धनिया दर्ज कर दिया। सर्वेयर की इस लापरवाही का खामियाजा अब किसान को भुगतना पड़ रहा है। सरकारी रिकॉर्ड में गलत फसल दर्ज होने के कारण किसान धान उपार्जन केंद्र में अपनी उपज नहीं बेच पा रहा है। अभिलेखों में त्रुटि सुधार कराने के लिए किसान परिवार को तहसील कार्यालय के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। मामला बागबाहरा तहसील के ग्राम हिच्छा का है।
डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रक्रिया और निगरानी पर उठे गंभीर सवाल
ग्रामीणों के अनुसार, किसान भोलाराम साहू ने अपने खेत में धान की फसल लगाई है। इसके बावजूद सर्वेयर ने ऑनलाइन रिकॉर्ड में धान की जगह धनिया की फसल दर्ज कर दी। हैरानी की बात यह है कि धनिया शीत ऋतु (रबी) में बोई जाने वाली फसल है, जबकि धान वर्षाकालीन (खरीफ) फसल है। इसके बाद भी सर्वेयर ने खरीफ गिरदावरी में धनिया को वर्षाकालीन फसल के रूप में दर्ज कर दिया। इससे पूरे डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रक्रिया और निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
भौतिक सत्यापन के बिना अनुमोदन पर उठे सवाल
ग्रामीणों ने बताया कि रिकॉर्ड में फसल गलत दर्ज होने के कारण किसान समर्थन मूल्य पर धान बेचने से वंचित हो सकता है। त्रुटि को दुरुस्त कराने के लिए किसान परिवार अधिकारियों के कार्यालयों में भटकने को मजबूर है।
वहीं, संबंधित पटवारी का अजीबोगरीब तर्क है कि धान और धनिया के पौधे एक जैसे दिखाई देने के कारण सर्वेयर से यह चूक हुई है। हालांकि, बड़ा सवाल यह है कि फसल सर्वेक्षण जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रिया का बिना भौतिक सत्यापन किए अनुमोदन (अप्रूवल) कैसे कर दिया गया और इसकी सजा किसान को क्यों मिल रही है?
तहसीलदार के स्तर से सुधरेगी त्रुटि, तब कटेगा टोकन
इधर ग्राम हिच्छा की पटवारी अलका यदु ने कहा कि डीसीएस का कार्य सर्वेयर करते हैं। धान और धनिया की पौध एक जैसी होती है, संभवतः इसी कारण यह त्रुटि हुई होगी। सर्वेयर ने जो दर्ज किया, उसे हमने अप्रूव कर दिया। यदि हम हड़ताल पर न होते तो अब तक सुधार हो जाता।
अब तहसीलदार के स्तर से ही सुधार संभव है, जो जल्द हो जाएगा। वहीं खट्टी के समिति प्रबंधक कौशल साहू ने कहा कि किसान जब धान बेचने के लिए समिति पहुंचे थे, तब उन्हें रिकॉर्ड में धान की जगह दूसरी फसल दर्ज होने की जानकारी मिली। राजस्व रिकॉर्ड में सुधार होने और टोकन कटने के बाद ही उनका धान खरीदा जा सकेगा।