
नईदुनिया प्रतिनिधि, महासमुंद। जिला जेल महासमुंद की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए चार विचाराधीन बंदी फरार हो गए। घटना सोमवार सुबह करीब चार बजे की बताई जा रही है। बंदियों ने कंबल का इस्तेमाल कर फंदा बनाया और जेल की दीवार फांदकर भागने में सफल रहे। घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। फरार बंदियों की तलाश के लिए पुलिस और जेल प्रशासन सक्रिय हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, फरार हुए चार बंदियों में दो जबलपुर (मध्यप्रदेश), एक राजस्थान और एक महासमुंद जिले का रहने वाला है। चारों अलग-अलग आपराधिक मामलों में विचाराधीन बंदी के रूप में जेल में बंद थे। इनमें तीन बंदी गांजा तस्करी और एक बंदी चोरी के मामले में आरोपित था।
बताया जा रहा है कि सोमवार तड़के करीब चार बजे बंदियों ने जेल से भागने की योजना को अंजाम दिया। इसके लिए उन्होंने कंबलों को आपस में बांधकर फंदे जैसा बनाया और उसके सहारे जेल की दीवार तक पहुंचे। इसके बाद दीवार फांदकर बाहर निकलने लगे। इस दौरान भागने की कोशिश कर रहा पांचवा बंदी दीवार से वापस नीचे गिर गया। जबकि, चार बंदी भाग निकले।
यह भी पढ़ें- सौरभ चंद्राकर के केन्द्रीय जेल में आने के बाद सुरक्षा चाक-चौबंद, छत्तीसगढ़ की जेलों में चेकिंग अनिवार्य
सुबह 4 बजे की घटना है। जेल की दीवार पर प्रवाहित विद्युत कनेक्शन इन्होंने काट लिया था। कंबल से फंदा बनाकर ये दीवार चढ़े और कम्बल से ही उतरे। आरोपियों की खोजबीन की जा रही है। सुशील नायक एएसपी महासमुंद
यह भी पढ़ें- रायपुर में प्रॉपर्टी देखने के नाम पर साइबर ठगी, फर्जी ऐप डाउनलोड करते ही बुजुर्ग के खाते से उड़े 2.40 लाख