
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। साइबर ठगों ने मोबाइल फोन में अपने आप डाउनलोड हुए एक संदिग्ध एप के जरिए मंदिर हसौद क्षेत्र के कुटेसर निवासी इंजीनियर के बैंक खातों से 2.96 लाख रुपये पार कर दिए। ठगी के शिकार अजीत लहरी के खाते में कुछ दिन पहले ही नौकरी के दौरान जमा हुए भविष्य निधि (पीएफ) के 7.36 लाख रुपये आए थे। इसके बाद ठगों ने किस्तों में उनके एचडीएफसी और भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआइ) के खातों से रकम निकाल ली। पीड़ित को इसकी जानकारी तब हुई, जब वह मोबाइल दुकान पर एक हजार रुपये का भुगतान करने पहुंचा और फोन-पे पर खाते में कम बैलेंस दिखाई दिया।
अजीत लहरी ने पुलिस को बताया कि वह कुटेसर (चंदखुरी) का निवासी है। उसने बीए अंतिम वर्ष तक पढ़ाई करने के साथ इलेक्ट्रिकल में डिप्लोमा किया है। पहले वह इंडस टावर लिमिटेड में फील्ड सर्विस इंजीनियर के पद पर नौकरी करता था और वर्तमान में इलेक्ट्रिकल दुकान खोलने की तैयारी कर रहा है। नौकरी के दौरान जमा हुए पीएफ की 7,36,636 रुपये की राशि 17 अक्टूबर 2026 को उसके एचडीएफसी बैंक खाते में आई थी।
यह भी पढ़ें- AI से फोटो बनाना पड़ सकता है भारी, अश्लील फोटो बनाकर ब्लैकमेल कर रहे ठग, भिलाई-दुर्ग से सामने आए 12 मामले
पीड़ित के मुताबिक, 23 अक्टूबर को मोबाइल दुकान पर भुगतान करते समय कम बैलेंस दिखने पर उसने नेट बैंकिंग से खाते का स्टेटमेंट चेक किया। जांच में पता चला कि 21, 22 और 23 अक्टूबर को उसके खाते से अलग-अलग किस्तों में वाट्सएप पे के माध्यम से कुल 2,76,800 रुपये निकाल लिए गए हैं। इसके बाद मोबाइल चेक करने पर उसमें जेएटीवी नाम का एक संदिग्ध एप डाउनलोड मिला। अजीत का कहना है कि उसने यह एप डाउनलोड नहीं किया था, इसके बावजूद वह अपने आप इंस्टाल हो गया था और काफी कोशिशों के बाद भी अनइंस्टाल नहीं हुआ।
यह भी पढ़ें- प्रधानमंत्री योजना के नाम से भेजा एप, टच करते ही अकाउंट से उड़ गए 2.31 लाख
ठगी की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। इसके साथ ही एचडीएफसी बैंक खाते, एटीएम, डेबिट कार्ड, यूपीआइ और क्रेडिट कार्ड सहित सभी बैंकिंग सुविधाओं को ब्लॉक करा दिया, ताकि आगे कोई रकम न निकल सके। हालांकि, इसके बावजूद 25 अक्टूबर को उसके एसबीआइ खाते से फोन-पे के जरिए 20 हजार रुपये का एक और लेनदेन हो गया। इस तरह एचडीएफसी खाते से 2,76,800 रुपये और एसबीआइ खाते से 20 हजार रुपये मिलाकर कुल 2,96,800 रुपये की ठगी हुई।