
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। मलेरिया प्रभावित क्षेत्रों में बांटी जाने वाली 20 लाख मेडिकेटेड मच्छरदानियों की करीब 62 करोड़ रुपये की खरीदी पर उठे सवालों के बाद दवा निगम ने टेंडर निरस्त कर दिया है। छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन (सीजीएमएससी) की इस खरीदी प्रक्रिया में दरों के अंतर, रेट कॉन्ट्रैक्ट की अनदेखी और टेंडर की शर्तों को लेकर शिकायत की गई थी। नईदुनिया ने इस मामले को प्रमुखता से उठाते हुए बताया था कि स्वास्थ्य संचालनालय की ओर से रेट कॉन्ट्रैक्ट के माध्यम से खरीदी का सुझाव दिए जाने के बाद भी दवा निगम ने 20 लाख मच्छरदानियों का एकमुश्त टेंडर जारी किया था।
शिकायत में बाजार में मच्छरदानी की कीमत 225 से 250 रुपये प्रति नग होने के बावजूद सरकारी अनुमान करीब 304 रुपये प्रति नग रखने पर सवाल उठाए थे। शिकायतकर्ताओं का दावा था कि प्रति नग 50 रुपये का अंतर भी माना जाए, तो 20 लाख मच्छरदानियों की खरीदी में करीब 10 करोड़ रुपये का अंतर हो सकता है। वहीं, टेंडर की पात्रता शर्तों को लेकर भी प्रतिस्पर्धा सीमित करने की आशंका जताई गई थी।
यह भी पढ़ें- आयकर विभाग ने खंगाले डिजिटल रिकॉर्ड, 120 अधिकारियों ने खुलवाए 25 लॉकर; 225 करोड़ की गड़बड़ी के संकेत
मामले में मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव से शिकायत कर खरीदी प्रक्रिया की जांच और नए सिरे से व्यवस्था बनाने की मांग की गई थी। अब टेंडर निरस्त होने से खरीदी प्रक्रिया पर उठे सवालों के बीच दवा निगम के अगले कदम पर नजर रहेगी। सबसे अहम सवाल यह है कि नई खरीदी में क्या रेट कॉन्ट्रैक्ट अपनाया जाएगा और क्या प्रतिस्पर्धी दरों पर पारदर्शी तरीके से मच्छरदानियां खरीदी जाएंगी।
यह भी पढ़ें- कोटमी सोनार के स्कूल में बच्चों से कराया मरम्मत कार्य, वीडियो प्रसारित होने से मचा हड़कंप और उठे सवाल