
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। रायपुर के एक व्यापारी परिवार पर रविवार को दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। अभनपुर क्षेत्र के टीला एनीकट में कार गिरने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी, उनकी बेटी और बेटा शामिल हैं। हादसे में कार सवार चारों लोग पानी में डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू की।
पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना देर रात 1:15 बजे चंपारण चौकी क्षेत्र के ग्राम टीला एनीकट के पास हुई। रायपुर के लक्ष्मीनगर निवासी शीतल साहू (44) अपनी पत्नी भारती साहू (40), बेटी पूर्वा साहू (22) और बेटे विकास साहू (19) के साथ कार में सवार थे। इसी दौरान उनकी कार अनियंत्रित होकर टीला एनीकट के नीचे पानी में जा गिरी। कार के पानी में डूबने से उसमें सवार चारों लोगों की मौत हो गई।

यह भी पढ़ें- दीपावली की रात कटनी में दुकान और घर में लगी आग; दो महीने के मासूम सहित छह लोगों की मौत
उनका मूल निवास ग्राम पासौद, थाना फिंगेश्वर, जिला गरियाबंद बताया गया है। परिवार वर्तमान में रायपुर के लक्ष्मीनगर में रह रहा था। हादसे की खबर से रायपुर और गरियाबंद में परिवार के परिचितों और रिश्तेदारों में शोक का माहौल है। घटना गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र की चंपारण पुलिस चौकी के अंतर्गत हुई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कार अनियंत्रित होकर एनीकट में किन परिस्थितियों में गिरी।
यह भी पढ़ें- चित्रकूट में सड़क हादसा: श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 4 की मौत, 12 घायल, मरने वालों में 3 MP के रीवा के