
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। छत्तीसगढ़ में वनरक्षक (फॉरेस्ट गार्ड) भर्ती की तैयारी में जुटे हजारों युवाओं के लिए महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है। आगामी 13 दिसंबर को आयोजित होने वाली वनरक्षक भर्ती के दूसरे चरण की लिखित परीक्षा को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है, लेकिन परीक्षा की नई तिथि को लेकर अभी कोई घोषणा नहीं की गई है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वनबल प्रमुख की तरफ से भेजे गए पत्र के आधार पर कर्मचारी चयन मंडल ने परीक्षा टालने का यह कदम उठाया है। हालांकि, प्रशासन की ओर से परीक्षा स्थगित करने के पीछे किसी ठोस कारण का खुलासा नहीं किया गया है। इस आदेश के बाद अब 13 दिसंबर को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार लिखित परीक्षा नहीं होगी।
गौरतलब है कि राज्य में इससे पहले भी कई भर्ती परीक्षाओं के कार्यक्रमों में बदलाव हो चुका है। नवंबर की शुरुआत में सूबेदार, सब-इंस्पेक्टर (SI) और प्लाटून कमांडर की मुख्य परीक्षा स्थगित की गई थी। इसी तरह लोक सेवा आयोग (CGPSC) में अध्यक्ष का पद रिक्त होने के कारण कई परीक्षाओं और साक्षात्कारों की गति प्रभावित हुई है, जबकि शिक्षक व सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षाओं की तारीखें बदलकर अब 6 और 20 दिसंबर निर्धारित की गई हैं।

कर्मचारी चयन मंडल द्वारा अभी तक वनरक्षक भर्ती का संशोधित टाइम-टेबल जारी नहीं किया गया है। पूर्व निर्धारित शेड्यूल के मुताबिक, उम्मीदवारों के लिए 7 दिसंबर से एडमिट कार्ड डाउनलोड करने का लिंक सक्रिय किया जाना था। परीक्षा टलने के बाद अब प्रवेश पत्र जारी होने की प्रक्रिया भी अगली तारीख के ऐलान के साथ ही शुरू होने की संभावना है। फिलहाल अभ्यर्थियों को चयन मंडल की अगली आधिकारिक अधिसूचना का इंतजार करना होगा।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ के 40 हजार सरकारी स्कूलों में बड़ा बदलाव: अब AI तय करेगा 50 लाख बच्चों की हाजिरी
प्रदेश के वन विभाग में फॉरेस्ट गार्ड के कुल 1,484 रिक्त पदों को भरने के लिए यह भर्ती अभियान चलाया जा रहा है। भर्ती के शुरुआती चरण में शारीरिक मापजोख और दक्षता परीक्षा का आयोजन किया गया था, जिसमें प्रदेश भर के 16,762 अभ्यर्थी सफल घोषित हुए थे। इन्हीं चयनित उम्मीदवारों के लिए रायपुर में 13 दिसंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक लिखित परीक्षा प्रस्तावित थी। आंकड़ों के लिहाज से देखें तो प्रत्येक एक पद पर औसतन 11 से ज्यादा अभ्यर्थियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा होनी है।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ साइबर अलर्ट: 10-20 हजार कमीशन के लालच में न दें अपना बैंक खाता, बन सकते हैं मुख्य आरोपी