
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। घर बैठे आसान कमाई के नाम पर अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड या मोबाइल सिम दूसरों को इस्तेमाल के लिए सौंपना आपको सीधे जेल भिजवा सकता है। साइबर अपराधियों द्वारा आम लोगों के खातों को ठगी का जरिया बनाने के बढ़ते मामलों को देखते हुए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने 'गुड मॉर्निंग रायपुर' अभियान के तहत विशेष चेतावनी जारी की है। पुलिस ने साफ किया है कि 10 से 20 हजार रुपये कमीशन के लालच में अपना खाता किराए पर देने वाले नागरिक अनजाने में ही बड़े साइबर अपराध का हिस्सा बन जाते हैं और जांच के दौरान सबसे पहले उन्हीं पर कानूनी शिकंजा कसता है।
साइबर ठगों का गिरोह बेहद सुनियोजित तरीके से आम लोगों खासतौर पर युवाओं और जरूरतमंदों को अपना निशाना बनाता है। जालसाज पहले यह विश्वास दिलाते हैं कि खाते में केवल सामान्य लेन-देन होगा और खाताधारक को कोई जोखिम नहीं उठाना पड़ेगा। इस झांसे में आकर जब कोई व्यक्ति अपनी पासबुक, डेबिट कार्ड, ओटीपी या बैंक से जुड़ा सिम कार्ड ठगों को दे देता है, तो अपराधी इस खाते को 'म्यूल अकाउंट' बनाकर देश भर में की गई ऑनलाइन ठगी की काली कमाई इसमें मंगाते हैं। पुलिस की तकनीकी जांच में पैसों के लेन-देन का सीधा सुराग खाताधारक तक ही पहुंचता है। बैंक रिकॉर्ड में नाम दर्ज होने के कारण कानून की नजर में खाता मालिक ही मुख्य संदिग्ध और आरोपी माना जाता है।
यह भी पढ़ें- रायपुर में एक ही रात में 5 लड़कियां गायब, तलाश में रात भर दौड़ती रही
रायपुर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी के साथ डिजिटल धोखाधड़ी होती है या खाता दुरुपयोग होने का संदेह हो, तो बिना समय गंवाए शिकायत दर्ज कराएं। घटना के शुरुआती घंटों में सूचना देने से संदिग्ध खाते को फ्रीज कराकर रकम सुरक्षित की जा सकती है। किसी भी साइबर सहायता के लिए राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें अथवा आपात स्थिति में 112 डायल करें। इसके अतिरिक्त नजदीकी थाने में जाकर भी लिखित सूचना दी जा सकती है।
यह भी पढ़ें- CG Cyber News: मोबाइल की 14 सेटिंग्स से खुल सकता है बैंक खाते का रास्ता, एक गलत अनुमति और खाता खाली
यह भी पढ़ें- Mahadev Satta : महादेव सट्टे की कमाई से 500 करोड़ की फिल्म बनाने की थी योजना, बड़े सितारों पर थी नजर