NEET PG CG : छत्तीसगढ़ में नीट पीजी की दूसरी लिस्ट जारी, सीट छोड़ी तो डूबेगी फीस
छत्तीसगढ़ में नीट पीजी (एमडी-एमएस) के दूसरे चरण की काउंसिलिंग आवंटन सूची जारी हो गई है। अभ्यर्थी 25 से 28 नवंबर और 30 नवंबर को ऑफलाइन दस्तावेजों की जांच कराकर प्रवेश ले सकेंगे। सीट मिलने के बाद प्रवेश नहीं लेने पर पंजीयन राशि जब्त कर ली जाएगी।
Publish Date: Mon, 23 Nov 2026 01:31:32 PM (IST)Updated Date: Mon, 23 Nov 2026 01:31:32 PM (IST)
छत्तीसगढ़ में नीट पीजी के दूसरे चरण की काउंसिलिंग के तहत 25 से 30 नवंबर तक मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया चलेगी। (AI जनरेटेड इमेज)HighLights
- सुबह 10 से शाम चार बजे तक दस्तावेजों की स्क्रूटनी और शाम पांच बजे तक होगा प्रवेश
- सीट अपग्रेड होने पर पुरानी सीट स्वत: निरस्त, नई संस्था में जमा करने होंगे मूल दस्तावेज
- निजी कॉलेजों के लिए नवा रायपुर स्थित आयुष विश्वविद्यालय में होगी दस्तावेजों की जांच
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। प्रदेश में नीट पीजी (एमडी-एमएस) पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए राज्य कोटे की सीटों पर दूसरे चरण की काउंसिलिंग की आवंटन सूची जारी कर दी गई है। चिकित्सा शिक्षा आयुक्त कार्यालय ने आवंटित सीटों के आधार पर स्क्रूटनी और प्रवेश की तारीखें भी तय कर दी हैं। अभ्यर्थी 25 से 28 नवंबर तक संबंधित केंद्रों पर दस्तावेजों की जांच कराकर प्रवेश ले सकेंगे। इसके बाद 30 नवंबर को भी यह प्रक्रिया होगी। पूरी प्रक्रिया ऑफलाइन मोड में आयोजित की जाएगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, स्क्रूटनी सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक और प्रवेश की प्रक्रिया शाम पांच बजे तक चलेगी। यही समय-सारिणी 25 से 28 नवंबर तक लागू रहेगी, वहीं 30 नवंबर को भी इसी समय पर प्रवेश लेना होगा।
अपग्रेडेशन पर पुरानी सीट स्वत: निरस्त
दूसरे चरण में सीट अपग्रेड होने वाले अभ्यर्थियों की पहले आवंटित सीट स्वत: निरस्त हो गई है। ऐसे अभ्यर्थियों को नई आवंटित संस्था में रिलीविंग लेटर, मूल दस्तावेज और निर्धारित शुल्क के साथ पहुंचकर प्रवेश लेना होगा। पहले चरण में मेडिकल प्रमाण-पत्र जमा करने वालों को दोबारा मेडिकल जांच कराने की जरूरत नहीं होगी। वहीं, जिनकी सीट यथावत रखी गई है, उन्हें दोबारा प्रवेश प्रक्रिया में शामिल नहीं होना होगा।
प्रवेश नहीं लेने पर राशि होगी जब्त
दूसरे और आगामी चरणों में सीट आवंटित होने के बाद प्रवेश नहीं लेने या सीट छोड़ने पर पंजीयन राशि जब्त कर ली जाएगी। स्क्रूटनी में पात्र पाए जाने के बावजूद प्रवेश नहीं लेने वाले अभ्यर्थी निर्धारित सुरक्षा निधि जमा कर तीसरे चरण यानी मॉप-अप राउंड में शामिल हो सकेंगे।
निजी कॉलेजों के लिए अलग केंद्र
शासकीय मेडिकल कॉलेजों में आवंटित अभ्यर्थियों की स्क्रूटनी संबंधित संस्था में होगी। वहीं श्री बालाजी, रिम्स और श्री शंकराचार्य इंस्टीट्यूट में सीट पाने वालों के दस्तावेजों की जांच नवा रायपुर स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय स्मृति स्वास्थ्य विज्ञान एवं आयुष विश्वविद्यालय के शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान भवन में होगी। आवंटन सूची और प्रवेश संबंधी निर्देश विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।