
संदीप तिवारी, नईदुनिया, रायपुर। प्रदेश के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों की संविदा शिक्षक भर्ती में 100 अंकों की परीक्षा में महज 6.25 और 9.25 अंक पाने वाले अभ्यर्थी भी शिक्षक बनने जा रहे हैं, जबकि कई विषयों में 92 जैसे ऊंचे अंक लाने वाले अभ्यर्थी श्रेणीबद्ध रिक्तियों के समीकरण में पीछे रह गए हैं। न्यूनतम कट-ऑफ अंक तय नहीं होने, आरक्षण रोस्टर और वर्गवार पदों के विरुद्ध आवेदकों की सीमित उपलब्धता के कारण दूरस्थ अंचलों में यह पदस्थापना हो रही है। एक वर्षीय संविदा नियुक्ति की इन चयन सूचियों में 100 में से 33 से भी कम अंक पाने वालों के चयन ने भर्ती व्यवस्था, मेरिट के मानकों और उत्कृष्ट विद्यालयों की शिक्षा गुणवत्ता पर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं।
लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) के अनुसार, 26 विषयों के संविदा पदों पर भर्ती के लिए 31 अक्टूबर से चार नवंबर 2026 के बीच कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) आयोजित की गई थी। कुल 1,812 पदों के लिए जारी विज्ञापन के विरुद्ध 34,604 अभ्यर्थियों ने पंजीयन कराया था, जिनमें से 28,535 परीक्षा में सम्मिलित हुए और उपस्थिति 82.46 प्रतिशत दर्ज की गई। परीक्षा 100 अंकों की थी, जिसमें प्रत्येक गलत उत्तर पर एक-चौथाई अंक की ऋणात्मक मूल्यांकन (नेगेटिव मार्किंग) व्यवस्था लागू थी। कुल स्वीकृत पदों के सापेक्ष अभी 1,721 अभ्यर्थी ही उपलब्ध हो सके हैं।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ के क्रिएटर्स प्रदेश के डिजिटल ब्रांड एंबेसडर, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया सम्मानित
जारी चयन सूचियों के अनुसार, सहायक शिक्षक (एससी वर्ग) की सूची में सरल क्रमांक 67 की महिला अभ्यर्थी ने 9.25 अंक अर्जित किए हैं और उन्हें नारायणपुर के प्राथमिक विद्यालय में नियुक्त किया जा रहा है। इसी प्रकार सहायक शिक्षक की चयन सूची में सरल क्रमांक 142 पर दर्ज एसटी वर्ग के पुरुष अभ्यर्थी को 100 में से 6.25 अंक मिले हैं, जिन्हें बस्तर में पदस्थ किया जा रहा है। अंग्रेजी विषय में एसटी वर्ग से चयनित सरल क्रमांक 16 की महिला अभ्यर्थी को 10 अंक मिले हैं, जिन्हें सूरजपुर में अध्यापन के लिए चुना गया है। वहीं, सामाजिक विज्ञान व्याख्याता पद के लिए सरल क्रमांक 7 की महिला अभ्यर्थी को जशपुर के लिए चयनित किया गया है, जिन्हें 100 में से 22 अंक प्राप्त हुए। अन्य विषयों में भी कुछ श्रेणियों के अभ्यर्थियों के प्राप्तांक 40 से कम रहे हैं।
यह भी पढ़ें- भिलाई : 3.15 करोड़ के घोटाले की जांच शुरू, दूल्हा बनकर घोड़े पर सवार होकर निगम पहुंचे पार्षद मौर्य
भर्ती प्रक्रिया के इन मानकों को लेकर शिक्षाविद संजय जोशी का कहना है कि स्वामी आत्मानंद विद्यालयों की शिक्षक भर्ती में भी टीईटी प्रमाण पत्र की अनिवार्यता लागू की जानी चाहिए। शिक्षण की गुणवत्ता सुदृढ़ बनाए रखने के लिए कम से कम न्यूनतम कट-ऑफ अंक अवश्य तय होने चाहिए।
वर्ष 2020 में स्वामी आत्मानंद स्कूलों की शुरुआत पहले चरण में 52 विद्यालयों के साथ हुई थी। इसके बाद चरणबद्ध विस्तार में यह संख्या बढ़कर 171 और फिर 247 (अंग्रेजी माध्यम) तक पहुंची। समय के साथ नए विद्यालयों के उन्नयन व विस्तार के चलते प्रदेश में ऐसे स्कूलों की संख्या 750 के पार पहुंच चुकी है। जून में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने इन विद्यालयों में संविदा शिक्षकों की भर्ती की घोषणा की थी। लगभग तीन हजार रिक्तियों के अनुमान के बीच 1,812 पदों पर विज्ञापन जारी किया गया, जिसमें अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा के साथ डीएलएड या बीएड अर्हता निर्धारित की गई थी।
यह भी पढ़ें- CGST Protest: 30 साल की नौकरी में सिर्फ एक प्रमोशन, छत्तीसगढ़ समेत देशभर में ब्लैक बैज आंदोलन
पूरी चयन प्रक्रिया पर लोक शिक्षण संचालनालय के उप संचालक एवं भर्ती प्रभारी हिमांशु भारतीय ने स्पष्ट किया कि चयन सूचियां परीक्षा में अर्जित अंकों के आधार पर तैयार की गई हैं। सुदूर क्षेत्रों में जहां एससी-एसटी वर्ग के रिक्त पदों के विरुद्ध आवेदकों की संख्या कम रही, वहां प्राप्त अंकों के आधार पर ही मेरिट सूची बनी है। विभाग ने कोई न्यूनतम कट-ऑफ निर्धारित नहीं किया था और नेगेटिव मार्किंग के कारण भी कुछ अभ्यर्थियों के अंक कम रहे।