राजनांदगांव : शराब पीकर रोज मारपीट करता था पिता, नाबालिग बेटे ने जंजीर से घोंटा गला
राजनांदगांव जिले के बागनदी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पुजारीटोला में एक 17 वर्षीय नाबालिग ने अपने ही पिता की लोहे की जंजीर से गला घोंटकर हत्या कर दी। मृतक रोज शराब के नशे में पत्नी और बच्चों के साथ मारपीट करता था। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है।
Publish Date: Sat, 28 Nov 2026 04:22:39 PM (IST)Updated Date: Sat, 28 Nov 2026 04:22:39 PM (IST)
प्रतीकात्मक फोटो- AI जनरेटेड इमेज।HighLights
- रोज शराब पीकर पत्नी और बच्चों से गाली-गलौज व मारपीट करता था पिता
- लकड़ी के बेंत से पिटाई करने पर भड़के 17 वर्षीय बेटे ने कर दी पिता की हत्या
- मृतक की पत्नी की शिकायत पर बागनदी पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लिया
नईदुनिया प्रतिनिधि, राजनांदगांव। शराब के नशे में पत्नी और बच्चों से रोज मारपीट करने वाले पिता की हत्या उसके ही 17 वर्षीय नाबालिग बेटे ने कर दी। पिता की प्रताड़ना से परेशान होकर आरोपी बेटे ने कुत्ते को बांधने वाली लोहे की जंजीर से उसका गला घोंट दिया। घटना बागनदी थाना क्षेत्र के ग्राम पुजारीटोला की है। पुलिस ने मामले में आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है।
दीपावली पर नासिक से लौटा था पिता
पुलिस के अनुसार, पिता गीतेश उसेंडी दीपावली पर नासिक से राजनांदगांव जिले के ग्राम पुजारीटोला स्थित अपने घर लौटा था। वह रोज शराब पीकर पत्नी और बच्चों के साथ गाली-गलौज और मारपीट करता था। 27 नवंबर की रात करीब 7:30 बजे भी वह शराब के नशे में घर पहुंचा। उस समय पत्नी और बच्चे चूल्हे के पास आग ताप रहे थे।
पिटाई करने पर भड़का बेटा
खाना खाने के बाद गीतेश पत्नी और बच्चों को जान से मारने की धमकी देते हुए गाली-गलौज करने लगा। उसने तीनों बच्चों को लेकर घर से चले जाने की चेतावनी भी दी। इसके बाद गीतेश ने घर में रखे लकड़ी के बेंत से पत्नी, बेटे और बेटी की पिटाई शुरू कर दी। इसी दौरान आरोपी बेटे ने पिता को धक्का देकर कमरे में गिरा दिया। फिर आंगन में रखी कुत्ते को बांधने वाली लोहे की जंजीर उठाकर उसके गले में लपेट दी और कसकर खींच दिया। गला घुटने से पिता की मौके पर ही मौत हो गई।
किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई
मृतक की पत्नी ने घटना की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई है। पत्नी के बयान के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है। मामले में किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।