
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत ने आदिवासी अधिकारों की लड़ाई में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को भी मैदान में उतारने का भरोसा दिलाया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी आदिवासी अधिकारों की रक्षा के लिए हमेशा आवाज उठाते रहे हैं और उन्होंने ही मुझे आप लोगों के बीच भेजा है। भगत ने कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो वे राहुल गांधी को भी आप लोगों के पास लेकर आएंगे। हालांकि, इस लड़ाई में सबसे जरूरी यह है कि आदिवासी समाज एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखे।
यह भी पढ़ें- 'दिमागी नक्सल' टिप्पणी पर राहुल गांधी का पीएम मोदी पर पलटवार, कहा- कभी भी, कहीं भी कर लें बहस
सुखदेव भगत अपने तीन दिवसीय दौरे के दूसरे दिन मंगलवार को सरगुजा जिले के ग्राम साल्ही में ग्रामीणों से चर्चा कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज के अधिकारों और अस्मिता से जुड़े हर मुद्दे पर कांग्रेस उनके साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने स्थानीय लोगों से आपसी एकजुटता बनाए रखने और अपने जल-जंगल-जमीन के अधिकारों की लड़ाई को निरंतर जारी रखने की अपील की।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में कांग्रेस का संगठन विस्तार, सुखदेव भगत का 3 दिवसीय दौरा, जशपुर-सरगुजा-बलरामपुर जाएंगे
संवाद के दौरान प्रदेश प्रभारी ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और राज्य की भाजपा सरकार पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री आदिवासी वर्ग से जरूर आते हैं, लेकिन वह अपने आप को आदिवासी कहलाना पसंद नहीं करते और खुद को जनजाति कहते हैं। भगत ने ग्रामीणों का आह्वान करते हुए कहा कि अपने संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए सभी को एकजुट रहना होगा और प्रदेश की 'सांय-सांय' वाली सरकार को बाय-बाय करना होगा।