
दीपक शुक्ला, नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। साइबर ठगी का तरीका तेजी से बदल रहा है। अब ठगों को बैंक खाता खाली करने के लिए हर बार फोन कर ओटीपी, एटीएम पिन या पासवर्ड पूछने की जरूरत नहीं पड़ रही है। वे स्मार्टफोन में मौजूद सामान्य सेटिंग्स और अलग-अलग मोबाइल एप को दी गई अनुमतियों का दुरुपयोग कर लोगों की निजी जानकारी तक पहुंच बना रहे हैं। एक बार मोबाइल का नियंत्रण हासिल करने के बाद साइबर अपराधी स्क्रीन पर दिखाई देने वाली जानकारी देख सकते हैं, मैसेज और ओटीपी तक पहुंच बना सकते हैं और बैंकिंग गतिविधियों पर नजर रख सकते हैं। इसके बाद यूपीआई के जरिए खाते से रकम निकालने का रास्ता आसान हो जाता है।
साइबर एक्सपर्ट मोहित साहू के अनुसार, स्मार्टफोन में सुरक्षा केवल पासवर्ड या स्क्रीन लॉक लगाने से नहीं होती। असली सुरक्षा इस बात पर निर्भर करती है कि आपने अपने फोन में मौजूद एप को कितनी और किस तरह की अनुमति दे रखी है। इसलिए किसी भी अनजान लिंक, एपीके फाइल या एप पर भरोसा करने से पहले उसकी जांच जरूर करें। विशेषज्ञों ने मोबाइल उपयोगकर्ताओं को 14 ऐसी सेटिंग्स की जांच करने की सलाह दी है, जिनका गलत इस्तेमाल साइबर अपराधी कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें- रायपुर के इंजीनियर से 2.96 लाख की ठगी, खाता ब्लॉक फिर भी कटे पैसे
1. अनजान स्रोत से एप इंस्टॉल करने की अनुमति बंद रखें: व्हाट्सएप, एसएमएस या अन्य माध्यमों से मिली एपीके फाइल डाउनलोड करने से बचें। फर्जी एप के जरिए ठग मोबाइल में सेंध लगा सकते हैं।
2. यूएसबी डिबगिंग बंद रखें: यह सुविधा मुख्य रूप से डेवलपर्स के लिए होती है। सामान्य उपयोगकर्ताओं को इसकी जरूरत नहीं होती।
3. डेवलपर ऑप्शन बंद रखें: मोबाइल की सामान्य गतिविधियों के लिए डेवलपर ऑप्शन की आवश्यकता नहीं होती। अगर इसका इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं, तो इसे बंद रखें।
4. एक्सेसिबिलिटी परमिशन की जांच करें: यह सबसे संवेदनशील अनुमतियों में से एक है। इसकी मदद से एप स्क्रीन पर मौजूद सामग्री पढ़ने और कुछ गतिविधियों को नियंत्रित करने में सक्षम हो सकते हैं।
5. डिस्प्ले ओवर अदर एप्स की अनुमति सीमित रखें: इस सुविधा से कोई एप दूसरे एप के ऊपर अपनी विंडो दिखा सकता है। केवल भरोसेमंद एप को ही इसकी अनुमति दें।
6. नोटिफिकेशन एक्सेस बंद रखें: इस अनुमति के जरिए एप मोबाइल पर आने वाले नोटिफिकेशन पढ़ सकते हैं। इनमें बैंक के संदेश और ओटीपी भी शामिल हो सकते हैं।
7. स्क्रीन शेयरिंग से बचें: बैंक अधिकारी, पुलिसकर्मी या किसी कंपनी का प्रतिनिधि बनकर फोन करने वाला व्यक्ति स्क्रीन शेयर करने को कहे तो सावधान हो जाएं। स्क्रीन शेयरिंग के दौरान ठग आपकी निजी जानकारी और बैंकिंग गतिविधियां देख सकते हैं।
8. कॉल फॉरवर्डिंग की जांच करें: समय-समय पर मोबाइल की कॉल फॉरवर्डिंग सेटिंग जांचें। कहीं आपकी जानकारी के बिना कॉल दूसरे नंबर पर डायवर्ट तो नहीं की जा रही है।
9. ब्लूटूथ जरूरत न होने पर बंद रखें: सार्वजनिक स्थानों पर ब्लूटूथ ऑन रखने से अनजान डिवाइस से जुड़ने का जोखिम हो सकता है।
10. वाई-फाई ऑटो कनेक्ट बंद रखें: मोबाइल को किसी भी सार्वजनिक या अनजान वाई-फाई नेटवर्क से अपने आप जुड़ने न दें।
11. लॉक स्क्रीन पर ओटीपी दिखने से रोकें: फोन लॉक रहने के बावजूद स्क्रीन पर बैंक के मैसेज और ओटीपी दिखाई देते हैं तो इसकी सेटिंग बदलें।
12. एसएमएस और कॉन्टैक्ट की अनुमति सीमित रखें: हर एप को मैसेज और संपर्क सूची पढ़ने की अनुमति देने की जरूरत नहीं है। केवल उन एप को ही अनुमति दें, जिनके काम के लिए यह जरूरी है।
13. लोकेशन एक्सेस नियंत्रित रखें: मोबाइल में मौजूद हर एप को आपकी लोकेशन जानने की अनुमति न दें।
14. बैकग्राउंड और अतिरिक्त एप एक्सेस की जांच करें: मोबाइल में इंस्टॉल एप को दी गई सभी अनुमतियों की समय-समय पर समीक्षा करें और संदिग्ध एप तुरंत हटाएं।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर में वाशिंग मशीन की सर्विसिंग के नाम पर बैंक अधिकारी से 9.49 लाख की साइबर ठगी
• व्हाट्सएप या टेलीग्राम पर आई किसी भी अनजान एपीके फाइल को डाउनलोड करना।
• किसी के कहने पर फोन में रिमोट एक्सेस या स्क्रीन शेयरिंग एप इंस्टॉल करना।
• गूगल सर्च से कस्टमर केयर नंबर निकालकर उस पर कॉल करना और यूपीआई पिन साझा करना।
• मोबाइल के ऑपरेटिंग सिस्टम और बैंकिंग एप्स को समय पर अपडेट न रखना।
• यदि आपके साथ किसी भी तरह का साइबर फ्रॉड होता है, तो बिना समय गंवाए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें।
• इसके अलावा भारत सरकार के आधिकारिक पोर्टल cybercrime.gov.in पर जाकर तुरंत अपनी शिकायत ऑनलाइन दर्ज कराएं, ताकि समय रहते ठगों के बैंक खाते फ्रीज किए जा सकें।
यह भी पढ़ें- प्रधानमंत्री योजना के नाम से भेजा एप, टच करते ही अकाउंट से उड़ गए 2.31 लाख