
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। राजधानी के चार अलग-अलग थाना क्षेत्रों से एक ही रात में पांच लड़कियां संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गईं। किसी मामले में बेटी घर से निकली और वापस नहीं लौटी, तो कहीं परिजनों ने अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जताई है। रात भर थानों में परिजनों की भीड़ लगी रही। वहीं पुलिस की टीमें लड़कियों का पता लगाने के लिए सड़कों और सीसीटीवी कैमरों को खंगालती रहीं। 28 और 29 नवंबर की दरम्यानी रात को राजधानी में कुल 62 आपराधिक मामले दर्ज किए गए, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा पांच लड़कियों के एक साथ गायब होने की रही।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, लड़कियों के लापता होने की शिकायतें शहर के बाहरी और व्यस्त इलाकों से सामने आई हैं। पहली शिकायत उरला थाने में पहुंची, जहां परिजनों ने अज्ञात आरोपी द्वारा बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके कुछ ही देर बाद खमतराई थाना क्षेत्र से भी एक लड़की के अचानक गायब होने की सूचना मिली। मुजगहन थाने में भी परिजनों ने पहुंचकर अपनी बेटी के लापता होने और अपहरण की आशंका जताते हुए शिकायत दी। वहीं मोवा इलाके से एक ही रात में दो अलग-अलग परिवारों की लड़कियों के गायब होने के मामले सामने आए हैं। रायपुर पुलिस ने इन सभी पांचों मामलों को गंभीरता से लेते हुए अपहरण का अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस की विशेष टीमें मोबाइल लोकेशन और आसपास के रास्तों के फुटेज के आधार पर तलाश में जुटी हैं।
यह भी पढ़ें- Chhattisgarh Maoist Operation : कांकेर के मेंड्रा से 5 माओवादी गिरफ्तार, एक फरार
एक तरफ जहां पुलिस लापता लड़कियों की तलाश में जुटी रही, वहीं दूसरी तरफ शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रात भर सघन चेकिंग अभियान भी चलाया गया। पुलिस ने सबसे बड़ी कार्रवाई सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी और अवैध रूप से शराब पिलाने वालों के खिलाफ की। कोतवाली, राजेंद्र नगर, तेलीबांधा, सरस्वती नगर, गंज और खमतराई थाना क्षेत्रों में दबिश देकर कुल 46 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें से कई आरोपी सड़क किनारे खुलेआम जाम छलका रहे थे, जबकि कई लोग दुकान और ठेलों की आड़ में अवैध रूप से शराब पिलाते पकड़े गए। इस कार्रवाई में खमतराई से सर्वाधिक 17, गंज से 9, राजेंद्र नगर से 7, सरस्वती नगर से 6, तेलीबांधा से 3 और कोतवाली इलाके से 2 आरोपियों को पकड़ा गया।
यह भी पढ़ें- Mahadev Satta : महादेव सट्टे की कमाई से 500 करोड़ की फिल्म बनाने की थी योजना, बड़े सितारों पर थी नजर
रात भर चली पुलिसिंग के दौरान तेज और लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर भी कार्रवाई की गई। टिकरापारा, डीडी नगर, उरला, सरस्वती नगर, तेलीबांधा और खमतराई इलाकों में रैश ड्राइविंग के 8 मामले दर्ज किए गए। इसके अलावा मोवा और खमतराई में मारपीट की घटनाएं हुईं, जबकि मौदहापारा क्षेत्र में चोरी की एक वारदात सामने आई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लापता लड़कियों की सकुशल बरामदगी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही उन्हें ढूंढ लिया जाएगा। साथ ही शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए रात की गश्त और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
यह भी पढ़ें- CG में विधायक तुलेश्वर मरकाम के काफिले पर पथराव, साइड कांच चकनाचूर, वाई-प्लस सुरक्षा की मांग