
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। जब परिवार का कोई सदस्य गंभीर रूप से बीमार होता है या किसी आपात स्थिति में पहुंचता है, तो परिजन उसकी जान बचाने के लिए सबसे पहले नजदीकी निजी अस्पताल का रुख करते हैं। लेकिन कई बार इलाज के नाम पर मनमाना बिल थमाने, अनावश्यक जांचें कराने या दुर्भाग्यवश मरीज की मृत्यु हो जाने पर बकाया भुगतान के लिए शव रोकने जैसी शिकायतें सामने आती हैं। छत्तीसगढ़ के अधिकांश लोगों को यह पता ही नहीं होता कि राज्य में लागू छत्तीसगढ़ नर्सिंग होम एक्ट, 2010 (Chhattisgarh Nursing Home Act) और स्वास्थ्य विभाग के दिशा-निर्देशों के तहत मरीजों को कई महत्वपूर्ण अधिकार मिले हैं, जिनका उल्लंघन करने पर अस्पताल का लाइसेंस तक कैंसिल हो सकता है।
यह भी पढ़ें- नवजातों की खरीद-फरोख्त का अड्डा बना रायपुर की गली का मकान
स्वास्थ्य विभाग के मानकों और नर्सिंग होम एक्ट के नियमों के मुताबिक, प्रदेश के पंजीकृत निजी अस्पतालों और क्लिनिकों में मरीजों को ये सुरक्षा कवच प्राप्त हैं।
• बकाया बिल के लिए नहीं रोक सकते शव: यदि इलाज के दौरान किसी मरीज की मृत्यु हो जाती है, तो कोई भी अस्पताल प्रबंधन बकाया बिल चुकाने के दबाव में शव को बंधक बनाकर नहीं रख सकता। यह पूरी तरह अवैध और अमानवीय है। ऐसी स्थिति में अस्पताल को शव परिजनों को सौंपना अनिवार्य है; बकाया राशि की वसूली के लिए वे अलग से कानूनी प्रक्रिया अपना सकते हैं।
• रिसेप्शन पर रेट लिस्ट लगाना अनिवार्य: नर्सिंग होम एक्ट के नियमों के तहत हर निजी अस्पताल को अपने मुख्य द्वार या रिसेप्शन पर ओपीडी फीस, बेड चार्ज, आईसीयू शुल्क, ऑपरेशन और प्रमुख जांचों की स्पष्ट रेट लिस्ट प्रदर्शित करनी होती है, ताकि मरीज को भर्ती होने से पहले ही खर्च का अंदाजा हो सके।
• इलाज से पहले अनुमानित खर्च बताना जरूरी: किसी भी बड़े ऑपरेशन या महंगे उपचार को शुरू करने से पहले डॉक्टर या अस्पताल प्रबंधन को मरीज के परिजनों को इलाज की प्रक्रिया, संभावित जोखिम और अनुमानित कुल खर्च की जानकारी स्पष्ट रूप से देनी होती है।
• डिस्चार्ज समरी और जांच रिपोर्ट पर मरीज का हक: छुट्टी के समय या बीच में किसी दूसरे अस्पताल में रेफर करने पर अस्पताल प्रबंधन मरीज को पूरी केस हिस्ट्री, दवाइयों का विवरण और सभी जांच रिपोर्ट देने से इन्कार नहीं कर सकता।
• बाहर से महंगी दवा या जांच का अनावश्यक दबाव नहीं: स्वास्थ्य विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुसार, अनावश्यक रूप से किसी खास दुकान से महंगी दवा खरीदने या बार-बार एक ही जांच दोहराने के लिए मरीज पर दबाव नहीं बनाया जा सकता।
यह भी पढ़ें- रायपुर बच्चा बिक्री कांड: जाति बदलकर बेचते थे नवजात, अब होगा डीएनए टेस्ट
यदि राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के किसी भी जिले में कोई निजी अस्पताल नर्सिंग होम एक्ट के नियमों की अनदेखी करता है या अत्यधिक बिल वसूलता है, तो परिजन सीधे इन सरकारी माध्यमों पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं-
• स्वास्थ्य विभाग हेल्पलाइन (104): छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य परामर्श एवं शिकायत केंद्र के टोल-फ्री नंबर 104 पर कॉल करके संबंधित अस्पताल के खिलाफ तुरंत शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
• सीएम हेल्पलाइन (1076): राज्य सरकार की सीएम हेल्पलाइन नंबर 1076 पर कॉल करके भी दस्तावेजों और बिल के विवरण के साथ अपनी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
• जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO): प्रत्येक जिले में नर्सिंग होम एक्ट के क्रियान्वयन और निगरानी की जिम्मेदारी जिला प्रशासन व सीएमएचओ की होती है। बिल की रसीद और दस्तावेजों के साथ सीधे सीएमएचओ कार्यालय में लिखित शिकायत देने पर जांच टीम गठित कर अस्पताल पर जुर्माना और पंजीयन निरस्त करने तक की कार्रवाई की जाती है।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ के 40 हजार सरकारी स्कूलों में बड़ा बदलाव: अब AI तय करेगा 50 लाख बच्चों की हाजिरी