
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। नर्सिंग संवर्ग के लिए ग्रेड पे का आदेश जारी करने सहित नौ सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदेश के नर्सिंग कर्मचारी 18 नवंबर से अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करेंगे। नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के आह्वान पर चिकित्सा शिक्षा विभाग के अंतर्गत कार्यरत नियमित, संविदा और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी इस आंदोलन में शामिल होंगे। इस दौरान प्रदेश के सभी 10 मेडिकल कॉलेजों में सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक प्रदर्शन किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में पटवारियों के बाद राजस्व निरीक्षक भी करेंगे हड़ताल, काम का लगातार बढ़ रहा दबाव
संघ की प्रमुख मांगों में वर्ष 2018 में गठित कमेटी की रिपोर्ट लागू करना, संविदा, दैनिक वेतनभोगी और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के कर्मचारियों का नियमितीकरण तथा नर्सिंग संवर्ग के लिए ग्रेड पे का आदेश जारी करना शामिल है। संघ पदाधिकारियों का कहना है कि इन मांगों को लेकर लंबे समय से शासन और विभाग के सामने बात रखी जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।
संघ पदाधिकारियों ने स्वास्थ्य मंत्री और आयुक्त चिकित्सा शिक्षा कार्यालय को आंदोलन की सूचना दे दी है। विभाग की ओर से वर्ष 2018 की कमेटी की अनुशंसाओं पर काम चलने की जानकारी दी गई, लेकिन संघ इससे संतुष्ट नहीं है। संघ ने चेतावनी दी है कि आंदोलन शुरू होने के दो से तीन दिन के भीतर ग्रेड पे का आदेश जारी नहीं हुआ, तो स्वास्थ्य सेवाएं संचालनालय में कार्यरत नर्सिंग कर्मचारी भी प्रदर्शन में शामिल होंगे। इसके अलावा 21 नवंबर को नवा रायपुर स्थित धरना स्थल पर प्रदेशभर के नर्सिंग कर्मचारियों को जुटाने की तैयारी है, जहां से मुख्यमंत्री निवास के घेराव की रणनीति बनाई जाएगी। इसकी जानकारी स्वास्थ्य सेवाएं संचालनालय से जुड़े संघ के सदस्यों ने प्रेस वार्ता में दी।