
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। राज्य में 24 वें दिन जारी पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल पर सरकार अब सख्ती की तैयारी में है। राजस्व विभाग ने हड़ताल समाप्त कराने के लिए एस्मा लगाने की तैयारी की है और जल्द ही आदेश जारी होने के संकेत हैं। संघ के प्रांतीय अध्यक्ष भागवत कश्यप को निलंबित करने के साथ 150 से अधिक पटवारियों को नोटिस जारी किया जा चुका है।
हड़ताल से 15 नवंबर से शुरू होने वाली धान खरीदी की तैयारियां प्रभावित हो रही हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी पटवारियों से काम पर लौटने की अपील करते हुए कहा है कि मांगों को दूसरे तरीके से भी रखा जा सकता है। इधर, तूता से हटाए गए पटवारी मठपुरैना स्थित हनुमान मंदिर परिसर में आंदोलन जारी रखे हुए हैं।
गुरुवार को संघ के नीरज प्रताप सिंह, दीपक तिवारी सहित अन्य नेताओं के नेतृत्व में पटवारियों ने हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ कर सरकार को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की। आंदोलनकारियों ने दमनात्मक कार्रवाई की निंदा करते हुए इसे रोकने की मांग की।
पटवारी संघ के अध्यक्ष कमलेश तिवारी ने बताया कि हड़ताल को खत्म करने का लगातार दबाव बनाया जा रहा है। संघ के पदाधिकारियों को निलंबित करने के साथ नोटिस देने का क्रम जारी है। फिलहाल एस्मा लगाने की कोई अधिकृत जानकारी नहीं है।
यह भी पढ़ें- धमतरी में पटवारियों की हड़ताल जारी, 48 घंटे के भीतर काम पर लौटने के नोटिस की प्रतियां जलाईं
वहीं, आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता विजय झा ने पटवारियों की मांगों को जायज बताते हुए सरकार से दमनात्मक कार्रवाई रोकने की मांग की। उन्होंने आंदोलन के समर्थन में पटवारी कार्य करने से इनकार करने वाले राजस्व निरीक्षक संघ के फैसले की सराहना की।
यह भी पढ़ें- कोरबा में अनिश्चितकालीन हड़ताल पर डटे पटवारियों ने नोटिस जलाकर हनुमान चालीसा का किया पाठ