
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। छत्तीसगढ़ में रेल यात्रियों को आए दिन आउटर पर ट्रेनें अटकने और लेटलतीफी की समस्या से जल्द निजात मिलने वाली है। रायपुर रेलवे स्टेशन पर क्षमता से 55 प्रतिशत अधिक दौड़ रही ट्रेनों के भारी दबाव को कम करने के लिए रेलवे ने बड़ी कार्ययोजना तैयार की है। इसके तहत उरकुरा से रायपुर होते हुए सरोना तक 11 किलोमीटर लंबी अतिरिक्त रेल लाइन बिछाई जाएगी। इसके लिए तकनीकी व आर्थिक सर्वे शुरू कर दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर रेलवे बोर्ड से अंतिम मंजूरी ली जाएगी।
रेलवे के आंकड़ों के मुताबिक, रायपुर रेलवे स्टेशन से रोजाना 155 ट्रेनें गुजर रही हैं, जबकि क्षमता केवल 100 ट्रेनों की है। प्लेटफार्म और यार्ड में जगह की कमी तथा एक ट्रेन को आगे निकालने के लिए दूसरी को रोकने की मजबूरी के कारण परिचालन प्रभावित हो रहा है। ट्रेनों के बढ़ते दबाव और आउटर पर ठहराव का सीधा असर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (एसईसीआर) की समयबद्धता पर पड़ा है। वर्ष 2020-21 में 95.94 प्रतिशत समयबद्धता के साथ देश में अग्रणी रहने वाला एसईसीआर जोन वर्ष 2026-27 (अगस्त तक) में घटकर 54.38 प्रतिशत पर आ गया है। इसके साथ ही जोन देश के 18 रेलवे जोनों की सूची में नीचे से तीसरे स्थान पर खिसक गया है।
यह भी पढ़ें- Chhattisgarh Railway News: दुर्ग से नहीं चलेगी आरा एक्सप्रेस, बिलासपुर-बक्सर ट्रेन भी रद, देखें तारीखें और पूरी लिस्ट
वर्तमान में उरकुरा बाईपास से रोजाना करीब 130 मालगाड़ियां गुजरती हैं, जिनका दबाव मुख्य रेल नेटवर्क पर पड़ता है। प्रस्तावित 11 किलोमीटर लंबी नई लाइन को उरकुरा से रायपुर स्टेशन व यार्ड होते हुए सरोना तक जोड़ा जाएगा। इससे मालगाड़ियों के संचालन के लिए अलग और निर्बाध मार्ग उपलब्ध होगा तथा मौजूदा ट्रैक पर निर्भरता घटेगी। माल परिवहन को गति मिलने से औद्योगिक और व्यावसायिक गतिविधियों को भी सीधा लाभ मिलेगा। अतिरिक्त लाइन बनने के बाद ट्रेनों को पास देने के विकल्प बढ़ेंगे, जिससे यात्री ट्रेनों को अनावश्यक रूप से रोकने की जरूरत कम होगी।
यह भी पढ़ें- Ayodhya Special Train: छत्तीसगढ़ से अयोध्या का सफर होगा सीधा, बिलासपुर से 30 नवंबर को चलेगी ट्रेन
रेलवे प्रशासन फिलहाल इस परियोजना की तकनीकी और आर्थिक व्यवहार्यता का आकलन कर रहा है। सर्वे में लाइन निर्माण की अनुमानित लागत, अतिरिक्त लाइन से बढ़ सकने वाली मालगाड़ियों की संख्या, संभावित आय और निवेश की भरपाई में लगने वाले वर्षों का मूल्यांकन किया जा रहा है। विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर रेलवे बोर्ड को भेजी जाएगी। बोर्ड से स्वीकृति और बजट आवंटन के बाद निर्माण की समय सीमा तय होगी। रायपुर रेल मंडल के डीआरएम दयानंद ने बताया कि नई रेल लाइन से मालगाड़ियों को अलग रूट मिलेगा, जिससे संचालन सुगम होगा और यात्री ट्रेनों की समयबद्धता सुधरेगी। सर्वे के बाद कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर जोन की 4 ट्रेनें दिसंबर में रहेंगी रद, सासन स्टेशन में तीसरी-चौथी लाइन कार्य से यात्रियों की बढ़ी चिंता