CG Weather : बादल छंटते ही छत्तीसगढ़ में दिन का पारा चढ़ा, रात में कंपकंपाने वाली ठंड की दस्तक
बंगाल की खाड़ी से सक्रिय चक्रवाती सिस्टम के कमजोर पड़ने से छत्तीसगढ़ में बारिश थम गई है और अगले तीन दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा। वातावरण में नमी से रायपुर में सुबह घना कोहरा छाया रहा, वहीं अब उत्तर छत्तीसगढ़ के न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट के आसार हैं।
Publish Date: Tue, 24 Nov 2026 09:49:23 AM (IST)Updated Date: Tue, 24 Nov 2026 09:49:23 AM (IST)
वातावरण में नमी के कारण सुबह छाया कोहरा, अब रात के तापमान में गिरावट के साथ बढ़ेगी ठंड। (AI जनरेटेड इमेज)HighLights
- रायपुर में रविवार रात से सोमवार सुबह तक छाया रहा घना कोहरा, दृश्यता हुई कम
- राजधानी में रात का पारा सामान्य से 4.5 डिग्री अधिक, दिन में फिर खिली तेज धूप
- मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के जिलों में अगले पांच दिनों तक रात के तापमान में बदलाव नहीं
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती सिस्टम का असर कमजोर पड़ने के साथ ही छत्तीसगढ़ में पिछले एक सप्ताह से जारी बारिश और बदली का दौर लगभग थम गया है। सोमवार को प्रदेश में केवल एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के अनुसार, मंगलवार से अगले तीन दिनों तक पूरे प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क रहने की संभावना है। आसमान साफ होने के साथ ही अब प्रदेश में ठंड के तेवर तीखे होने लगे हैं।
उत्तर छत्तीसगढ़ में बढ़ेगी रात की ठिठुरन
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, बादल छंटने से उत्तर छत्तीसगढ़ और सरगुजा संभाग के जिलों में अब रात की ठंड तेजी से बढ़ेगी। आगामी तीन दिनों के भीतर इन क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। दूसरी ओर, रायपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग समेत प्रदेश के बाकी हिस्सों में अगले पांच दिनों तक रात के तापमान में किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं।
दिन में बढ़ी गर्माहट, रायपुर में कोहरे का असर
पिछले सप्ताह लगातार बादल छाए रहने से दिन का तापमान सामान्य से काफी नीचे चला गया था, जबकि रात का पारा चढ़ा हुआ था। अब धूप निकलने से दिन का तापमान फिर सामान्य स्तर पर लौट रहा है। राजधानी रायपुर में वातावरण में नमी होने के कारण रविवार रात और सोमवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। सोमवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.4 डिग्री कम है, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री अधिक 20.4 डिग्री रहा। माना एयरपोर्ट में दिन का पारा 30 और रात का 18.9 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। मंगलवार को राजधानी में आंशिक बादलों के बीच पारा 30 और 19 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।
किसानों के लिए राहत, सेहत का रखें ध्यान
मौसम साफ होने और धूप खिलने से धान कटाई व रबी फसलों की बुआई में जुटे किसानों को बड़ी राहत मिली है। वहीं, दिन और रात के तापमान में बड़े अंतर के कारण मौसम विशेषज्ञों और चिकित्सकों ने सुबह-शाम ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़ों के उपयोग की सलाह दी है।
प्रदेश के 10 प्रमुख शहरों का तापमान
- रायपुर (लालपुर): अधिकतम 29.7 डिग्री / न्यूनतम 20.4 डिग्री
- रायपुर (माना): अधिकतम 30.0 डिग्री / न्यूनतम 18.9 डिग्री
- जगदलपुर: अधिकतम 31.6 डिग्री / न्यूनतम 16.6 डिग्री
- बिलासपुर: अधिकतम 28.6 डिग्री / न्यूनतम 20.0 डिग्री
- दुर्ग: अधिकतम 28.6 डिग्री / न्यूनतम 18.2 डिग्री
- राजनांदगांव: अधिकतम 28.5 डिग्री / न्यूनतम 11.5 डिग्री
- पेंड्रारोड: अधिकतम 26.8 डिग्री / न्यूनतम 17.8 डिग्री
- अंबिकापुर: अधिकतम 26.1 डिग्री / न्यूनतम 18.0 डिग्री
- कोरबा: अधिकतम 29.0 डिग्री / न्यूनतम 19.8 डिग्री
- बालोद: अधिकतम 29.5 डिग्री / न्यूनतम 20.1 डिग्री