
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। उत्तरी छत्तीसगढ़ और आसपास बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से पूरे प्रदेश का मौसम बदल गया है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में छाए बादलों और हल्की से मध्यम बारिश ने दिन के तापमान में बड़ी गिरावट ला दी है। राजधानी रायपुर और बिलासपुर में अधिकतम तापमान सामान्य से 7.1 डिग्री सेल्सियस तक नीचे लुढ़क गया है। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को भी प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश के आसार हैं, जबकि अगले दो दिनों तक रात के तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा। इसके बाद 24 नवंबर यानी मंगलवार से आसमान साफ होते ही न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आएगी और पूरे प्रदेश में ठिठुरन बढ़ेगी।
पिछले 24 घंटों के दौरान बिलासपुर और सरगुजा संभाग के कई हिस्सों में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई। कोरबा जिले के भैसमा में प्रदेश की सर्वाधिक 90 मिमी बारिश दर्ज हुई, जबकि बरपाली में 80 मिमी तथा बिलासपुर, करतला और कोरबा शहर में 70-70 मिमी पानी गिरा। दर्री और पचपेड़ी में 60-60 मिमी, वहीं मस्तूरी, नया बाराद्वार, घरघोड़ा, कटघोरा और तखतपुर सहित कई स्थानों पर 50 मिमी बारिश हुई। रायपुर शहर में शनिवार सुबह 8:30 बजे तक 14.9 मिमी और माना एयरपोर्ट क्षेत्र में 16.0 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
यह भी पढ़ें- 'अकवान' तूफान की बारिश से दुर्ग-भिलाई में धान की फसल पर संकट, खरीदी प्रभावित
पूरे प्रदेश में तापमान और मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। शनिवार को पेंड्रारोड 16.6 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ राज्य का सबसे ठंडा इलाका रहा, जबकि जगदलपुर में अधिकतम तापमान 30.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रायपुर में अधिकतम तापमान 24.2 और न्यूनतम 20.2 डिग्री रहा, वहीं माना एयरपोर्ट में पारा 19.8 से 25 डिग्री के बीच दर्ज हुआ।
बिलासपुर में अधिकतम 22.9 डिग्री, अंबिकापुर में अधिकतम 23.5 व न्यूनतम 19 डिग्री, दुर्ग में न्यूनतम 18.4 डिग्री और राजनांदगांव में 18 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। दूसरी ओर, बस्तर संभाग के जगदलपुर में रविवार सुबह सात बजे सूरज निकलने के बावजूद घने कोहरे की चादर छाई रही, जिससे नेशनल हाईवे पर दृश्यता घट गई और वाहन चालकों को दिन में भी हेडलाइट जलाकर सफर करना पड़ा।
यह भी पढ़ें- तीन चक्रवाती तूफानों ने तोड़ी किसानों की कमर, खेतों में भीग रहा धान, फरवरी तक खरीदी की मांग