रायपुर में मिलावटी पनीर पर कार्रवाई, धनेली में पिकअप व कार से 34 पेटी संदिग्ध पनीर जब्त, जांच शुरू
धनेली क्षेत्र में चेकिंग के दौरान अधिकारियों ने पनीर से भरे पिकअप और कार को रोककर जांच की।
Publish Date: Mon, 16 Nov 2026 11:17:16 PM (IST)Updated Date: Mon, 16 Nov 2026 11:17:16 PM (IST)
मिलावटखोरी को लेकर खाद्य विभाग की कार्रवाई, नईदुनियाHighLights
- मिलावटखोरी को लेकर खाद्य विभाग की कार्रवाई
- पनीर से भरे दो वाहन पकड़े, 34 पेटी जब्त
- विभाग ने जब्त पनीर के सैंपल टेस्ट के लिए भेजे
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। राजधानी में पनीर में मिलावटखोरी की आशंका के बीच खाद्य व औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने कार्रवाई की है। धनेली क्षेत्र में चेकिंग के दौरान अधिकारियों ने पनीर से भरे पिकअप और कार को रोककर जांच की। वाहन चालक माल फेंककर भागने की कोशिश भी करता नजर आया, जिसे अधिकारियों ने तुरंत रोक लिया।
जांच के दौरान पूर्व में पनीर की आपूर्ति करने वाले सौरभ शर्मा की कार से पनीर जैसा दिखने वाला पदार्थ बरामद किया गया। अधिकारियों द्वारा गाड़ी की तलाशी लेने पर दो पेटी पनीर जब्त किया गया, जिस पर कोई लेबल नहीं था और संचालक के पास इसके वैध बिल भी मौजूद नहीं थे।
इसके अलावा, हिमांशु बंसल की गाड़ी से 32 पेटी संदिग्ध पनीर जब्त किया गया है। कार्रवाई के बाद दोनों वाहनों और जब्ती को खाद्य विभाग की टीम सिलतरा चौकी ले गई।
पनीरनुमा पदार्थ के नमूने गुणवत्ता परीक्षण के लिए भेजे
विभाग ने दोनों वाहनों से जब्त किए गए पनीरनुमा पदार्थ के नमूने (सैंपल) लेकर गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। फिलहाल अधिकारियों का कहना है कि नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगा कि जब्त किया गया पनीर असली था या मिलावटी। विभाग ने इस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।