रायपुर में शराब भट्ठी के सुपरवाइजर ने लगाई फांसी, आखिरी मैसेज में दो अधिकारियों का बताया जिम्मेदार
मांढर स्थित शराब भट्ठी में पदस्थ सुपरवाइजर प्रशांत वर्मा ने अपने घर में खुदकुशी कर ली।
Publish Date: Mon, 16 Nov 2026 03:26:57 PM (IST)Updated Date: Mon, 16 Nov 2026 03:28:45 PM (IST)
शराब भट्ठी के सुपरवाइजर ने की खुदकुशी, सांकेतिक तस्वीरHighLights
- शराब भट्ठी के सुपरवाइजर ने की खुदकुशी
- पत्नी और मां को भेजा आखिरी मोबाइल मैसेज
- भट्ठी के दो कर्मचारियों को बताया जिम्मेदार
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। मांढर स्थित शराब भट्ठी में पदस्थ सुपरवाइजर प्रशांत वर्मा ने अपने घर में खुदकुशी कर ली। उन्होंने सिलतरा बाजार चौक स्थित अपने घर में आत्महत्या की। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। खुदकुशी से पहले प्रशांत ने अपनी पत्नी और मां को सुसाइडल मैसेज भेजा था।
इस संदेश में उन्होंने मांढर शराब भट्ठी में पदस्थ दो कर्मचारियों को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार बताया है। इसके साथ ही जोनल आबकारी अधिकारी और मैनपावर कंपनी के अधिकारियों पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही सिलतरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की है।
मौत से पहले पत्नी और मां को भेजा संदेश
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, प्रशांत वर्मा ने खुदकुशी करने से पहले अपनी पत्नी और मां को मोबाइल पर संदेश भेजा था। इस संदेश में उन्होंने अपनी परेशानी और मौत के लिए जिम्मेदार लोगों का उल्लेख किया है। संदेश में मांढर शराब भट्ठी में काम करने वाले दो कर्मचारियों के नाम लेकर उन्हें अपनी मौत के लिए जिम्मेदार बताया गया है।
आबकारी अधिकारी और कंपनी प्रबंधन पर भी आरोप
सुसाइडल मैसेज में प्रशांत ने केवल भट्ठी में पदस्थ कर्मचारियों को ही नहीं, बल्कि जोनल आबकारी अधिकारी और मैनपावर कंपनी के अधिकारियों पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। इससे शराब दुकानों के संचालन और वहां काम करने वाले कर्मचारियों के साथ व्यवहार को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। सुसाइडल मैसेज की सामग्री, उसमें लगाए गए आरोपों और संबंधित लोगों की भूमिका की जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस की जांच में यह भी स्पष्ट होगा कि प्रशांत किन परिस्थितियों से गुजर रहे थे और उनके लगाए आरोपों में कितनी सच्चाई है।