
नईदुनिया प्रतिनिधि, अखिल शर्मा, रायपुर। राजधानी में चोरी के सोने-चांदी के जेवर खपाने के लिए चोर गोल्ड लोन कंपनियों का सहारा ले रहे हैं। पुलिस जांच में ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जिनमें चोरी के जेवर मणप्पुरम, मुथूट और बजाज फाइनेंस में गिरवी रखे गए। एक मामले में बजाज फाइनेंस की कर्मचारी को भी गिरफ्तार किया गया। इसे लेकर नईदुनिया की टीम ने पड़ताल की।
कचहरी चौक के पहले जेल रोड स्थित मणप्पुरम की शाखा में रिपोर्टर ने जेवर के बदले गोल्ड लोन लेने की प्रक्रिया पूरी की। इस दौरान न तो खरीदारी का बिल मांगा गया और न ही जेवर के मालिकाना हक का प्रमाण। सिर्फ आधार कार्ड लेकर जेवर का मूल्यांकन किया गया और उसके बदले रकम दे दी गई। पूरी प्रक्रिया महज 15 मिनट में पूरी हो गई। पुलिस जांच में सामने आए मामले और नईदुनिया की पड़ताल गोल्ड लोन कंपनियों की जांच प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं।
स्टाफ ने 18 हजार कैश रिपोर्टर को दे दिया। इस दौरान न पैन कार्ड का नंबर मांगा, न पुराने बिल और मालिकों के बारे में कुछ पूछा गया। और यह सब सिर्फ 15 मिनट में हो गया।
यह भी पढ़ें- जगदलपुर में पुरानी रंजिश में चाकूबाजी, नाबालिग ने ली पड़ोसी की जान
1. बजाज फाइनेंस में गिरवी रखे चोरी के गहने: दिसंबर 2025 में न्यू राजेंद्र नगर क्षेत्र के परशुराम नगर, पुरैना में सुशीला जाल के घर चोरी हुई। जांच में आशीष नेताम और उसके नाबालिग साथी की भूमिका सामने आई। आरोपितों ने चोरी के जेवर तेलीबांधा स्थित बजाज फाइनेंस में गिरवी रखे थे। पुलिस ने कंपनी की कर्मचारी सनोहर जहां को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर जेवर बरामद किए गए।
2. मुथूट फाइनेंस में गिरवी रखे जेवर: सितंबर 2024 में डीडी नगर क्षेत्र के विप्रानगर-अग्रोहा कॉलोनी निवासी सुमन तिवारी के घर चोरी हुई थी। जांच में आरोपित रविशंकर महानंदिया और उसके साथियों की भूमिका सामने आई। पूछताछ में पता चला कि चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरों में से कुछ मुथूट फाइनेंस में गिरवी रखे गए थे। पुलिस ने आरोपितों से जेवर बरामद किए।
3. गैंती गैंग ने भी अपनाया था यही तरीका: दिसंबर 2024 में रायपुर में गैंती गैंग ने करीब 25 घरों में चोरी की थी। करीब सवा करोड़ रुपये का माल चोरी होने की जानकारी सामने आई थी। पुलिस ने करीब 85 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर बरामद किए। पूछताछ में आरोपितों ने चोरी के जेवर फाइनेंस कंपनियों में गिरवी रखने की बात बताई थी। हालांकि कंपनियों के नाम रिपोर्टों में सामने नहीं आए।
यह भी पढ़ें- नवजातों की खरीद-फरोख्त का अड्डा बना रायपुर की गली का मकान
डीसीपी, नार्थ, रायपुर दीपमाला कश्यप ने कहा कि बिना बिल अगर कोई भी जेवर गिरवी रखता है, तो उस पर कार्रवाई की जाएगी। गोल्ड लोन फाइनेंस कंपनी को सभी नियमों का पालन करना होगा। दो दिन पहले चोरी का सामान फाइनेंस कंपनी में रखा गया था। पुलिस ने उसे जब्त किया है। आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- राजनांदगांव में मेडिकल मॉल पर ताला लगाकर भागे ठग, 29.90 लाख हड़पे