
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। महादेव सट्टा मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सट्टे के नेटवर्क से जुड़े कारोबारी रिश्तों और निवेश के ठिकानों पर शिकंजा कसते हुए दिल्ली में बड़ी छापेमारी की है। इस कार्रवाई में दुबई में सट्टा एप प्रमोटर सौरभ चंद्राकर की शाही शादी कराने वाले लग्जरी कैटरर राहुल मक्कर, रियल एस्टेट कारोबारी शेली ग्रोवर, उनके बेटे माधव ग्रोवर और इनसे जुड़ी नौ कंपनियां ईडी के रडार पर आ गई हैं। राहुल मक्कर ने वर्ष 2023 में दुबई में हुई सौरभ की भव्य शादी में कैटरिंग की जिम्मेदारी संभाली थी।
ईडी को आशंका है कि महादेव सट्टे से अर्जित करोड़ों रुपये इन कारोबारियों और उनकी कंपनियों के जरिए दुबई के रियल एस्टेट प्रोजेक्ट तथा भारत के हॉस्पिटैलिटी कारोबार (आतिथ्य उद्योग) में खपाए गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई महादेव सट्टे के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में सामने आई जानकारियों के आधार पर की गई है।
यह भी पढ़ें- महादेव सट्टा केस में ED का बड़ा एक्शन, रायपुर-बिलासपुर-दुर्ग में छापे, दिल्ली में मिले 60 करोड़ के हवाला लेजर
ईडी की टीमों ने दिल्ली के पॉश जोरबाग इलाके में शेली ग्रोवर से जुड़े मकान नंबर 149 और 152 की तलाशी ली। इसके अलावा खान मार्केट स्थित उनके व्यावसायिक कार्यालय, राहुल मक्कर से जुड़े रिवेरा हाउस और उनके स्वामित्व वाले कई वेडिंग वेन्यू पर भी छापेमारी की गई। इन ठिकानों से मिले वित्तीय रिकॉर्ड, नौ कंपनियों के दस्तावेज और संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं।
जांच एजेंसी राहुल मक्कर और विकास छपरिया के बीच कारोबारी एवं वित्तीय संबंधों की भी जांच कर रही है। छपरिया को सौरभ चंद्राकर का करीबी सहयोगी और सट्टे की रकम के वित्तीय प्रबंधन से जुड़ा अहम व्यक्ति बताया जाता है। ईडी को संदेह है कि इन संबंधों के जरिए सट्टे की कमाई को वैध कारोबारी निवेश का रूप देने की कोशिश की गई।
यह भी पढ़ें- Mahadev Satta App: रायपुर-बिलासपुर के क्लबों में सौरभ चंद्राकर की 200 करोड़ की हिस्सेदारी
शेली ग्रोवर और उनके बेटे माधव दुबई में एंपायर इंफ्राटेक रियल एस्टेट ब्रोकरेज एलएलसी संचालित करते हैं। शेली इसके संस्थापक और सीईओ हैं। भारत में भी उनका रियल एस्टेट, इंफ्रास्ट्रक्चर, टेक्नोलॉजी और एंटरटेनमेंट क्षेत्र की नौ कंपनियों से निदेशक के रूप में जुड़ाव बताया गया है। माधव दुबई में रियल एस्टेट एजेंट और पोर्टफोलियो मैनेजर के तौर पर काम करते हैं। ईडी अब भारत और दुबई में फैले इस कारोबारी नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।