महतारी वंदन योजना से 10 लाख महिलाओं को जुड़ने का इंतजार, वित्त विभाग में अटका 1200 करोड़ का प्रस्ताव
छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना से जुड़ने के लिए 10 लाख महिलाएं इंतजार कर रही हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग का 1,200 करोड़ रुपये का प्रस्ताव वित्त विभाग में अटका है।
Publish Date: Tue, 03 Nov 2026 08:57:31 AM (IST)Updated Date: Tue, 03 Nov 2026 08:57:31 AM (IST)
महतारी वंदन योजना से 10 लाख महिलाओं को जुड़ने का इंतजार। (एआई जनरेटेड)HighLights
- 10 लाख महिलाओं को योजना से जुड़ने का इंतजार।
- बस्तर संभाग की दो लाख महिलाएं भी हैं शामिल।
- 1,200 करोड़ रुपये का प्रस्ताव वित्त विभाग में लंबित।
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर : प्रदेश में करीब 10 लाख महिलाएं महतारी वंदन योजना के दायरे में आने की प्रतीक्षा कर रही हैं। इनमें दो लाख महिलाएं बस्तर संभाग की हैं। इन्हें योजना से जोड़ने के लिए अनुमानित राशि 1,200 करोड़ रुपये आंकी गई है।
इस संबंध में वित्त विभाग को प्रस्ताव भी भेजा गया है, लेकिन वहां से इसे अब तक स्वीकृति नहीं मिली है। महिला एवं बाल विकास विभाग करीब 10 बार पत्र लिखकर प्रस्ताव को स्वीकृति देने की मांग कर चुका है। योजना का लाभ पाने की आस लगाए बैठी महिलाओं की प्रतीक्षा लंबी होती जा रही है।
परिवार में किसी को लाभ
- शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसी स्थिति निर्मित हो गई है कि एक ही परिवार में साथ रहने वाली जेठानी को योजना का लाभ मिल रहा है, जबकि अभी तक पंजीयन नहीं होने के कारण देवरानी लाभ से वंचित है।
- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर महिला एवं बाल विकास विभाग ने अगस्त 2025 में सीमित अवधि के लिए पोर्टल खोला था, लेकिन यह सुविधा केवल बस्तर संभाग में नियद नेल्ला नार (आपका अच्छा गांव) योजना के तहत सुरक्षा शिविरों के पांच किमी दायरे के गांवों तक सीमित रही। इस विशेष अभियान में करीब सात हजार महिलाओं का पंजीयन हुआ था।
योजना के तहत 68 लाख से अधिक महिलाएं हो रही लाभान्वित
- बता दें कि महतारी वंदन योजना की शुरुआत एक मार्च 2024 को हुई थी। 70 लाख से अधिक हितग्राहियों का पंजीयन हुआ था। विभाग ने विशेष अभियान चलाकर 63 लाख से अधिक हितग्राहियों का आधार डीबीटी से लिंक कराया था। 10 मार्च को पहली किश्त जारी की गई थी।
- वर्तमान में योजना के तहत 68 लाख से अधिक महिलाएं प्रत्येक माह एक-एक हजार से लाभान्वित हो रही हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से करीब 10 बार लिख चुके पत्र, 1,200 करोड़ के प्रस्ताव पर वित्त विभाग की मुहर नहीं
यह भी पढ़ें- आयुष्मान भारत योजना में गड़बड़ी, रायपुर के सात समेत 11 निजी अस्पतालों का पंजीयन निरस्त
ये हैं योजना के लिए अपात्र
- आयकरदाता, सरकारी कर्मचारी, पूर्व व वर्तमान सांसद-विधायक, सरकारी बोर्ड व निगम के पदाधिकारी के परिवार
- जो महिलाएं जो छत्तीसगढ़ की स्थानीय निवासी नहीं हैं।
- 1 जनवरी को 21 वर्ष से कम आयु वाली महिलाएं।
प्रक्रिया जारी है
इस संबंध में प्रक्रिया जारी है। जल्द ही निर्णय लिया जाएगा। रोहित यादव, सचिव, वित्त विभाग
सुशासन तिहार में मिले दो लाख से ज्यादा आवेदन
महतारी वंदन योजना का लाभ लेने के लिए महिलाओं की उत्सुकता का अंदाजा इस बात से ही लगाया जा सकता है कि विगत वर्ष सुशासन तिहार में विभाग को दो लाख से ज्यादा आवेदन मिले थे। पोर्टल नहीं खुलने के कारण आवेदन धूल खा रहे हैं। इस वर्ष भी महतारी वंदन के लिए सर्वाधिक आवेदन मिले हैं।
यह भी पढ़ें- रायपुर, बिलासपुर समेत चार शहरों में 100 ई-बसें, स्टीयरिंग थामेंगी महिलाएं, मुफ्त मिलेगी ट्रेनिंग