नर्सिंग कॉलेज प्रवेश की 31 अक्टूबर है डेडलाइन, अब तक शुरू नहीं हुई प्रक्रिया; डेट बढ़ाने की उठी मांग
छत्तीसगढ़ में नर्सिंग कालेजों की मान्यता अटकने से प्रवेश प्रक्रिया अब तक शुरू नहीं हो पाई है। छात्रों की परेशानी देखते हुए राज्य सरकार ने इंडियन नर्सिंग काउंसिल से प्रवेश की अंतिम तिथि 15 दिसंबर तक बढ़ाने की मांग की है।
Publish Date: Tue, 27 Oct 2026 09:00:44 AM (IST)Updated Date: Tue, 27 Oct 2026 09:00:44 AM (IST)
31 अक्टूबर नर्सिंग कॉलेज प्रवेश की डेडलाइन है। (एआई जनरेटेड)HighLights
- नर्सिंग कालेजों में प्रवेश को लेकर विद्यार्थी भारी असमंजस में।
- प्रदेश के 122 कालेजों को मान्यता, करीब 40 की अटकी।
- दावा-आपत्तियों के निराकरण के बाद ही जारी होगा शेड्यूल।
मनीष मिश्रा. नईदुनिया रायपुर। नर्सिंग की पढ़ाई करने के इच्छुक विद्यार्थियों के सामने प्रवेश को लेकर असमंजस की स्थिति है। इंडियन नर्सिंग काउंसिल ने नर्सिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर निर्धारित की है, लेकिन छत्तीसगढ़ में अब तक प्रवेश प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी है। इसकी प्रमुख वजह कालेजों की मान्यता और दावा-आपत्तियों का निराकरण लंबित होना है।
प्रदेश में 150 से अधिक नर्सिंग कालेजों में करीब आठ हजार सीटें हैं। छत्तीसगढ़ नर्सिंग रजिस्ट्रार काउंसिल ने 122 कालेजों को मान्यता दी है, जबकि लगभग 35 से 40 कालेजों की मान्यता अटकी हुई है। ऐसे में विद्यार्थियों को यह भी स्पष्ट नहीं है कि किन संस्थानों में कितनी सीटों पर प्रवेश मिलेगा। दूसरी ओर, चिकित्सा शिक्षा आयुक्त कार्यालय ने प्रवेश के लिए पर्याप्त समय नहीं होने का हवाला देते हुए अंतिम तिथि 15 दिसंबर तक बढ़ाने की मांग की है। अब विद्यार्थियों की नजर मान्यता प्रक्रिया पूरी होने और प्रवेश कार्यक्रम जारी होने पर है।
दावा-आपत्तियों के निराकरण के बाद जारी होगा शेड्यूल
- छत्तीसगढ़ नर्सिंग रजिस्ट्रार काउंसिल ने 122 नर्सिंग कालेजों को मान्यता दी है। वहीं, कुछ संस्थानों की मान्यता रोककर उन्हें दस्तावेजों में कमियां दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।
- संबंधित कॉलेजों की ओर से प्रस्तुत दस्तावेजों और दावा-आपत्तियों का निराकरण होने के बाद ही आगे की प्रक्रिया स्पष्ट होगी। फिलहाल प्रवेश कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है। इस देरी के कारण विद्यार्थियों को कालेजों की सूची, उपलब्ध सीटों और दाखिले की समय-सीमा को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पा रही है।
यह भी पढ़ें- रायपुर में निवेश पर भारी मुनाफे का लालच, 1.65 करोड़ की ठगी, एमडी और सीईओ पर एफआईआर दर्ज
15 दिसंबर तक प्रवेश की समय-सीमा बढ़ाने की मांग
- चिकित्सा शिक्षा आयुक्त कार्यालय ने इंडियन नर्सिंग काउंसिल को पत्र लिखकर प्रवेश की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर से बढ़ाकर 15 दिसंबर करने का आग्रह किया है। पत्र में कहा गया है कि तकनीकी कारणों से प्रदेश के शासकीय और निजी नर्सिंग महाविद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई है।