
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी रविवार से शुरू हो गई। पहले दिन जिले के 159 उपार्जन केंद्रों में से 129 में खरीदी हुई। इन केंद्रों पर 366 किसानों ने 9,365.60 क्विंटल धान बेचा। इसकी कुल कीमत 2 करोड़ 29 लाख 51 हजार रुपये रही। खरीदी के पहले दिन किसानों में उत्साह नजर आया। इस वर्ष जिले में किसानों की सुविधा के लिए 21 नए उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 17 केंद्रों में भी पहले दिन से खरीदी शुरू हो गई।
राज्य सरकार ने इस खरीफ सीजन में किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की व्यवस्था की है। प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान खरीदा जाएगा। नए केंद्र खुलने से कई गांवों के किसानों को अब अपनी उपज बेचने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। इससे परिवहन खर्च और समय दोनों की बचत होगी।
गोबरा नवापारा तहसील के नवीन धान उपार्जन केंद्र उमरपोटी में अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू ने पूजा-अर्चना कर खरीदी की शुरुआत की। वहीं कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने जोरा, नगपुरा, बरौदा और मुंरेठी धान खरीदी केंद्रों में पहुंचकर खरीदी प्रक्रिया शुरू की। उन्होंने केंद्रों में किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा भी लिया।
मुंरेठी और नगपुरा केंद्रों में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के उपाध्यक्ष अभिनेष कश्यप तथा नगर पंचायत चंदखुरी के अध्यक्ष प्रतीक बैस भी मौजूद रहे। कलेक्टर ने नमी मापक यंत्र से धान की जांच की और स्वयं तौल प्रक्रिया का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीदी के दौरान किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
यह भी पढ़ें- रायपुर में धान खरीदी के पहले दिन किसानों को झटका, सुबह धान लेकर पहुंचे तो उड़ गए होश; बदला खरीदी केन्द्र
कलेक्टर ने अधिकारियों को सभी खरीदी केंद्रों में पेयजल, छाया, बैठने, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, नमी मापक यंत्र और धान के सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। धरसींवा तहसील के बरौदा केंद्र में भी जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में खरीदी शुरू हुई।
जिला नोडल अधिकारी एवं अपर कलेक्टर अभिलाषा पैकरा ने गौरभाठा केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। खोरपा केंद्र में पहले दिन पांच किसान धान बेचने पहुंचे। इसके अलावा अड़सेना, गोबरा नवापारा और जामगांव सहित जिले के अन्य केंद्रों में भी खरीदी शुरू हुई।
किसानों को टोकन के लिए समितियों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए ''तुंहर टोकन'' मोबाइल एप से घर बैठे आनलाइन टोकन लेने की सुविधा दी गई है। किसान अपनी सुविधानुसार टोकन प्राप्त कर निर्धारित तारीख को उपज बेचने पहुंच सकते हैं। जिला प्रशासन ने खरीदी केंद्रों में बारदाना, नमी मापक यंत्र, तौल मशीन और धान की स्टैकिंग सहित जरूरी व्यवस्थाएं करने का दावा किया है।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में धान की खरीदी शुरू, पहले दिन राजनांदगांव में 726 और दुर्ग में 350 किसानों ने बेची फसल