
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। प्रदेश में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी ने रफ्तार पकड़ ली है। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में विगत 26 नवंबर तक 1.11 लाख से अधिक किसानों से 4.44 लाख टन धान खरीदा जा चुका है। इसकी समर्थन मूल्य पर कीमत 1085.84 करोड़ रुपये है। इसमें से 87,242 किसानों को 838.58 करोड़ रुपये का भुगतान भी जारी कर दिया गया है।
3095 उपार्जन केन्द्रों पर हो रही खरीदी
प्रदेश के सभी 33 जिलों में 3095 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से खरीदी की जा रही है। इस वर्ष धान बेचने के लिए 28.06 लाख से अधिक किसानों ने पंजीयन कराया है। खरीदी गई उपज में 2.85 लाख टन मोटा, 1.15 लाख टन पतला और 42,688 टन सरना धान शामिल है। प्रदेश में 15 नवंबर से धान खरीदी की जा रही है।
यह भी पढ़ें- एमपी हाई कोर्ट ने तीन राज्यसभा सांसदों पर लगाया जुर्माना, जवाब पेश करने के लिए आखिरी मोहलत
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अधिकारियों को खरीदी से भुगतान तक की प्रक्रिया सुचारू रखने और किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने देने के निर्देश दिए हैं।
वहीं, सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने केंद्रों पर पर्याप्त बारदाने, पेयजल, छाया, बैठने और धान के सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने टोकन और तौल व्यवस्था दुरुस्त रखने के साथ खरीदी की नियमित निगरानी के निर्देश भी दिए हैं।
यह भी पढ़ें- डिंडौरी में बिना मिलिंग महाराष्ट्र में बेची 100 करोड़ की सरकारी धान, EOW का छापा, 10 फर्जी किसानों को नोटिस
राजनांदगांव में सर्वाधिक खरीदी
प्रदेश में सर्वाधिक धान खरीदी राजनांदगांव जिले में 43,394.64 टन हुई है। बालोद में 38,299.60, महासमुंद में 38,055.20, बेमेतरा में 37,421.40, धमतरी में 29,779.24, दुर्ग में 26,849.04, कवर्धा में 25,771, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में 24,819.44, बलौदाबाजार-भाटापारा में 19,876.88,
गरियाबंद में 16,373.32, रायपुर में 16,357.68, कोंडागांव में 14,412.88, कांकेर में 13,416.64, बलरामपुर-रामानुजगंज में 13,375.72, सूरजपुर में 12,652.92, मुंगेली में 12,439.68, बिलासपुर में 9,134, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में 8,819.44, सरगुजा में 8,146,
कोरिया में 6,937.24, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में 5,719.52, बस्तर में 5,349.04, जशपुर में 4,148.44, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 3,541.24, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 3,368.48, रायगढ़ में 3,254.08, कोरबा में 1,630.76, जांजगीर-चांपा में 191.64, सक्ती में 138.16, नारायणपुर में 111.36, बीजापुर में 96.12, दंतेवाड़ा में 4.72 तथा सुकमा जिले में 2.24 टन धान की खरीदी हुई है।
यह भी पढ़ें- सीजी का बढ़ेगा सियासी आकार, अब विधानसभा सीटें 90 की जगह होंगी 135, लोकसभा की 16-17 होने की संभावना