डिंडौरी में बिना मिलिंग महाराष्ट्र में बेची 100 करोड़ की सरकारी धान, EOW का छापा, 10 फर्जी किसानों को नोटिस
डिंडौरी जिले में धान खरीदी के हुए फर्जीवाड़े में शुक्रवार को आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) जबलपुर की टीम ने जांच शुरू कर दी है।
Publish Date: Sat, 28 Nov 2026 12:39:19 AM (IST)Updated Date: Sat, 28 Nov 2026 12:55:51 AM (IST)
100 करोड़ धान का फर्जीवाड़ा , फोटो-एआई जनरेटेडHighLights
- 100 करोड़ धान का फर्जीवाड़ा
- बिना मिलिंग महाराष्ट्र में बेचा गया
- राइस मिलों में EOW की छापेमारी
नईदुनिया प्रतिनिधि, डिंडौरी। डिंडौरी जिले में धान खरीदी के हुए फर्जीवाड़े में शुक्रवार को आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) जबलपुर की टीम ने जांच शुरू कर दी है। 100 करोड़ से अधिक की सरकारी धान बिना मिलिंग किए महाराष्ट्र में बेचने के मामले में टीम ने गोरखपुर मंडी सहित दो राइस मिलों में छापामार कार्रवाई की है।
बता दें कि, कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के निर्देश पर हुई जांच में यह फर्जीवाड़ा सामने आया है। फर्जी किसानों के सहारे धान की खरीदी हुई और मिलर्स ने 13 साल के नाबालिग और मजदूरों के नाम पर हजारों क्विंटल धान खरीदी कागजों में दर्शाई है।
मुरमुरा फैक्ट्री में बेची गई धान
सरकारी धान बिना मिलिंग के ही महाराष्ट्र की मुरमुरा फैक्ट्री में ऊंचे दामों पर बेच दी गई और जिले में घटिया चावल लाकर खपाया गया। ईओडब्ल्यू की टीम ने गोरखपुर मंडी के साथ ही हर्रा स्थित हरिहर वेयरहाउस और गणेशपुर स्थित राइस मिल में छापामार कार्रवाई की।
टीम ने मंडी से धान परिवहन से जुड़े दस्तावेज, अनुज्ञप्ति की फाइलें और वेयरहाउस से एक साल की तौल पर्चियां जब्त की हैं। जिन किसानों से धान खरीदी दर्शाई, उनमें कई किसानों के पास जमीन ही नहीं है। जांच में मिल की बिजली खपत में भी बड़ा अंतर मिला है।
10 किसानों को नोटिस जारी
कागजों में जितनी मिलिंग दर्शाई गई, उसके हिसाब से बिजली की खपत हुई ही नहीं। ईओडब्ल्यू के डीएसपी स्वर्ण जीत सिंह धामी ने बताया कि हरिहर वेयरहाउस हर्रा के संचालक स्वप्निल खनूजा सहित 10 कथित किसानों को नोटिस जारी कर सोमवार को जबलपुर कार्यालय बुलाया है। वहां उनके बयान दर्ज किए जाएंगे और दस्तावेजों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।