एमपी हाई कोर्ट ने तीन राज्यसभा सांसदों पर लगाया जुर्माना, जवाब पेश करने के लिए आखिरी मोहलत
कांग्रेस नेत्री और पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन की राज्यसभा चुनाव से संबंधित याचिका पर शुक्रवार को हाईकोर्ट में सुनवाई हुई।
Publish Date: Fri, 27 Nov 2026 09:42:05 PM (IST)Updated Date: Fri, 27 Nov 2026 09:42:04 PM (IST)
HighLights
- हाई कोर्ट ने तीन सांसदों पर लगाया जुर्माना
- जवाब देने के लिए दिया आखिरी मौका
- 11 दिसंबर को होगी मामले की सुनवाई
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। कांग्रेस नेत्री और पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन की राज्यसभा चुनाव से संबंधित याचिका पर शुक्रवार को हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। न्यायमूर्ति बीपी शर्मा की एकलपीठ ने जवाब पेश करने में लगातार हो रही देरी पर निर्वाचित तीन राज्यसभा सांसदों तरुण चुग, रजनीश कुमार अग्रवाल और महेश केवट पर एक-एक हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।
साथ ही जवाब प्रस्तुत करने के लिए दो सप्ताह का अंतिम अवसर दिया है। मामले की अगली सुनवाई 11 दिसंबर को निर्धारित की गई है। याचिका में राज्यसभा सदस्य महेश केवट के निर्वाचन को चुनौती दी गई है। याचिकाकर्ता ने अपने नामांकन निरस्त किए जाने को भी अनुचित बताया है।
तेलंगाना की कोर्ट से नोटिस हुए थे जारी
उनका आरोप है कि तेलंगाना में लंबित एक आपराधिक परिवाद की जानकारी छिपाने के आधार पर निर्वाचन अधिकारी ने उनका नामांकन निरस्त कर दिया था। इस मामले में तेलंगाना की जिला अदालत से उन्हें नोटिस जारी हुए थे।
जवाब पेश करने के लिए आखिरी मौका
उल्लेखनीय है कि, पिछली सुनवाई में एकलपीठ ने तीनों निर्वाचित सांसदों को जवाब पेश करने का अंतिम अवसर देते हुए स्पष्ट किया था कि ऐसा नहीं करने पर लिखित जवाब देने का अधिकार समाप्त कर दिया जाएगा। शुक्रवार को सांसदों की ओर से अधिवक्ताओं ने जवाब के लिए और समय मांगा, जिसे जुर्माने के साथ स्वीकार कर लिया गया।
व्यक्तिगत रूप से पक्षकार बनाए गए विधानसभा के प्रमुख सचिव और रिटर्निंग आफिसर अरविंद शर्मा ने भी जवाब के लिए समय मांगा।
एकलपीठ ने निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी के नाम अनावेदकों की सूची से हटाने के निर्देश भी दिए। याचिकाकर्ता की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता अजय गुप्ता और अधिवक्ता राजीव मिश्रा तथा सांसदों की ओर से अधिवक्ता दीपक तिवारी व अन्य उपस्थित हुए।