_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। प्रदेश के अनुसूचित क्षेत्रों में अपनी पारंपरिक संस्कृति, लोककला और रीति-रिवाजों के संरक्षण के लिए आदिवासी ग्राम सभाएं अब अधिक मुखर और संगठित नजर आ रही हैं।
कथित प्रलोभन व दबाव के माध्यम से होने वाले मतांतरण पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से अब तक 80 से अधिक ग्राम पंचायतों ने गांव की सीमाओं पर सूचना बोर्ड व बैनर लगाकर अवैध मतांतरण कराने वाले पादरियों व धर्म प्रचारकों के प्रवेश पर रोक लगा दी है।
अवैध मतांतरण पर आदिवासी ग्रामीणों के आक्रोश का सामना यहां के ईसाई धर्म प्रचारकों को करना पड़ रहा है। ग्राम सभाओं ने संविधान की पांचवीं अनुसूची और पंचायत (अनुसूचित क्षेत्रों में विस्तार) अधिनियम, 1996 (पेसा) का हवाला देते हुए इसे अपना संवैधानिक व सांस्कृतिक अधिकार बताया है, जबकि कुछ ईसाई संगठनों ने जशपुर में एसपी-कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर इस पर विरोध दर्ज कराया है।
सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के बाद तेज हुई कवायद
इस घटनाक्रम को तब और गति मिली, जब 16 फरवरी 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने सूचना बोर्डों को हटाने की मांग वाली याचिका खारिज कर दी और छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के 28 अक्टूबर 2025 के आदेश को यथावत रखा। हाईकोर्ट ने अपने निर्णय में कहा था कि कांकेर जिले के गांवों में लगाए गए संबंधित होर्डिंग असंवैधानिक नहीं हैं।
इसकी पृष्ठभूमि जून 2025 से जुड़ी है, जब कांकेर के कुदाल और पारवी सहित कई गांवों में ग्राम सभाओं के प्रस्तावों के बाद अगस्त 2025 से बड़े पैमाने पर चेतावनी बोर्ड लगाए गए थे।
यह भी पढ़ें- राज्य पुलिस को मिले 642 नए आरक्षक, 208 महिला सिपाही शामिल; रायपुर में 76वें बैच की पासिंग आउट परेड
इन ग्राम पंचायतों ने लिए फैसले
जशपुर:
नवंबर 2026 में जबला ग्राम पंचायत ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर पादरियों और ननों के प्रवेश पर रोक लगाई। इससे पूर्व सोगड़ा, चड़िया, डूमरटोली और टेम्पू सहित कुल पांच ग्राम पंचायतों में प्रवेश निषेध संबंधी बोर्ड लगाए जा चुके हैं।
कांकेर:
कुदाल, सुलंगी, टेकाठोडा, कोंगे और केसरा समेत लगभग 26 ग्राम पंचायतों में बाहरी पादरियों, पास्टरों तथा मतांतरित व्यक्तियों द्वारा धार्मिक सभाएं आयोजित करने पर रोक के बोर्ड लगाए गए हैं। जून 2026 में 26 ग्राम सभाओं की संयुक्त बैठक में भी ऐसे प्रस्ताव पारित किए गए थे।
बस्तर व अंतागढ़:
अक्टूबर 2026 में अंतागढ़ के कानागांव में सेक्टर स्तरीय गायता जोहारनी कार्यक्रम के उपरांत ग्रामीणों ने प्रवेश रोक संबंधी बोर्ड लगाया। बड़े बोदल और आसपास के क्षेत्रों सहित बस्तर संभाग के 50 से अधिक गांवों में भी इसी प्रकार की पाबंदियां लागू की गई हैं।
यह भी पढ़ें- परिसीमन से बदलेगा CG का सियासी भूगोल, महिला आरक्षण से विधानसभा में पहुंचेंगी 45 महिलाएं
सुकमा:
अक्टूबर 2026 में पुनापल्ली (पोलमपल्ली) ग्राम पंचायत ने प्रस्ताव पारित कर पादरियों के प्रवेश, प्रार्थना सभाओं के आयोजन, नए चर्च के लिए भूमि आवंटन और मतांतरित व्यक्तियों के शव दफनाने पर प्रतिबंध लगाया।
सरपंचों ने कहा - परंपरा और सुरक्षा सर्वोपरि
गांव की परंपरा और सांस्कृतिक पहचान को अक्षुण्ण रखने के लिए ग्राम सभा ने सामूहिक निर्णय लिया। रोगोपचार के नाम पर प्रार्थना सभाएं आयोजित कर लोगों को मतांतरण के लिए प्रेरित किया जाता था, जिस पर रोक लगाने के लिए यह कदम उठाया गया। चैतुराम नाग, सरपंच
ग्राम पंचायत सिडमुड़ (बस्तर) मतांतरण के उद्देश्य से बाहरी लोग गांवों में पहुंचते हैं और ग्रामीणों को बहला-फुसलाकर अपने समूह में शामिल करने का प्रयास करते हैं। अपने समाज व ग्रामवासियों को सुरक्षित रखना हमारा अधिकार और दायित्व है, इसी कारण सूचना बोर्ड लगाए गए हैं। बांधो बाई, सरपंच
यह लोकतंत्र है और सभी को अपने हिसाब से काम करने की स्वतंत्रता है। यदि आदिवासी पंचायतों में कोई निर्णय लिया जा रहा है, तो वह उचित है या अनुचित, इसका फैसला न्यायालय ही करेगा। गणेशराम भगत, राष्ट्रीय संयोजक, जनजाति सुरक्षा मंच
यह भी पढ़ें- जशपुर की कुंजारा पंचायत ने पेश किया आत्मनिर्भरता का मॉडल, हर साल सौर ऊर्जा से कमाएगी 18.75 लाख रुपये