Chhattisgarh Maoist Operation : कांकेर के मेंड्रा से 5 माओवादी गिरफ्तार, एक फरार
कांकेर जिले में माओवाद विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। सूत्रों के अनुसार, मेंड्रा इलाके में घेराबंदी कर पांच माओवादियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक साथी पुलिस को चकमा देकर भाग निकला।
Publish Date: Sun, 29 Nov 2026 12:13:11 PM (IST)Updated Date: Sun, 29 Nov 2026 12:13:11 PM (IST)
माओवादियों की फाइल फोटो।HighLights
- कांकेर के मेंड्रा इलाके में घेराबंदी कर सुरक्षाबलों ने पांच सक्रिय माओवादियों को दबोचा
- पकड़े गए आरोपियों में चंदर, मंगलू और सनकी शामिल, गोंडाहूर थाने में चल रही पूछताछ
- मौके पर रवाना हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, फरार माओवादी की तलाश में जंगल में सर्चिंग तेज
शाहरुख खान, नईदुनिया, कांकेर। जिले में माओवादियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच सुरक्षाबलों के हाथ बड़ी सफलता लगी है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, जिले के मेंड्रा इलाके से पांच सक्रिय माओवादियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि घेराबंदी के दौरान उनका एक साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पकड़े गए माओवादियों से हथियारों की बरामदगी को लेकर गहन पूछताछ की जा रही है।
गोंडाहूर थाने में चल रही पूछताछ
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस और सुरक्षाबलों ने मेंड्रा क्षेत्र में माओवादियों की मौजूदगी की सूचना पर धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया था। इसी कार्रवाई में चंदर, मंगलू और सनकी समेत पांच माओवादी पकड़े गए हैं। सभी आरोपियों को पूछताछ के लिए गोंडाहूर थाना ले जाया गया है, जहां उनसे इलाके में छिपाए गए हथियारों और अन्य साथियों के ठिकानों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
मौके पर रवाना हुए वरिष्ठ अधिकारी
एक माओवादी के भाग निकलने के बाद पुलिस की टीमों ने आसपास के जंगलों में सर्चिंग तेज कर दी है। इस कार्रवाई की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके के लिए रवाना हो गए हैं। हालांकि, पांचों माओवादियों की गिरफ्तारी, फरार साथी और हथियारों की बरामदगी को लेकर पुलिस-प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पुलिस की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।