
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। प्रदेश में अगले पांच दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। बारिश के आसार नहीं हैं, जबकि दिन में गर्मी का असर बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है।
इसके बाद रात के तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इससे सुबह और रात के समय हल्की ठंडक महसूस होने लगेगी, हालांकि दिन में गर्मी से राहत मिलने की संभावना फिलहाल कम है। मंगलवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक रहा।
अंबिकापुर में सबसे कम तापमान
न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री दर्ज हुआ, जो सामान्य से 0.7 डिग्री अधिक है। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 15.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, रायपुर में बुधवार को आकाश मुख्यतः साफ रहने और अधिकतम व न्यूनतम तापमान क्रमशः 33 और 22 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।
यह भी पढ़ें- रायपुर- कुरूद और रायपुर-रावघाट के लिए आज से मिलेगी सीधी ट्रेन, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव दिखाएंगे हरी झंडी
बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती परिसंचरण
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे तमिलनाडु तट के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके प्रभाव से अगले 24 घंटों के दौरान इसी क्षेत्र में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इस परिसंचरण से उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश तक समुद्र तल से करीब 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर द्रोणिका भी बनी हुई है। हालांकि, इन मौसमी प्रणालियों के बावजूद छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिनों तक मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में अब सरकारी योजनाओं के लिए नहीं पड़ेगा भटकना, घर के पास लगेंगे विशेष वित्तीय शिविर
कई शहरों में रात का तापमान कम
मंगलवार को बिलासपुर में न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री, पेण्ड्रारोड में 17.8 डिग्री, दुर्ग में 20.5 डिग्री और जगदलपुर में 21.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री रहा, जो प्रदेश में सबसे कम था।
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होने और उसके बाद एक से दो डिग्री तक गिरावट आने की संभावना जताई है। फिलहाल प्रदेश में बारिश की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।