
नईदुनिया न्यूज, किरंदुल। केंद्र सरकार की आयुष्मान वय वंदना योजना के तहत किरंदुल नगर में 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के बुजुर्गों के कार्ड बनाने का अभियान तेज कर दिया गया है। नगर के सभी वार्डों में स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर पहुंचकर पात्र वरिष्ठ नागरिकों का पंजीयन कर रही है, ताकि उन्हें योजना का लाभ मिल सके।
इस अभियान में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किरंदुल के स्वास्थ्य कर्मियों के साथ आरएचओ राम मूडमी, मितानिन प्रतिमा भट्टाचार्य, आशा मिस्त्री सहित क्षेत्र की मितानिनें सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। टीम बुजुर्गों को योजना की जानकारी देने के साथ कार्ड बनवाने की प्रक्रिया भी समझा रही है।
पांच लाख रुपये तक के उपचार की सुविधा
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर अजय रामटेके ने बताया कि योजना का उद्देश्य 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसके तहत पात्र बुजुर्गों को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक के नकद भुगतान रहित उपचार की सुविधा मिलती है। इसके लिए आधार कार्ड आवश्यक है।
पात्र बुजुर्गों से कार्ड बनवाने की अपील
डॉक्टर रामटेके ने जिले के सभी पात्र वरिष्ठ नागरिकों से नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या मितानिन से संपर्क कर कार्ड बनवाने की अपील की है। स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि कोई भी पात्र बुजुर्ग योजना के लाभ से वंचित न रहे। घर-घर पंजीयन अभियान से बुजुर्गों को सुविधा मिल रही है और उन्हें स्वास्थ्य सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का छत्तीसगढ़ दौरा, प्रशासन ने शुरू की तैयारियां, लोकभवन में सुरक्षा प्रबंधों को लेकर मंथन