
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। नाइट शिफ्ट और लगातार बदलते कार्य समय के कारण लोगों की सेहत पर गंभीर संकट मंडरा रहा है। पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय (रविवि) की जीवन विज्ञान अध्ययनशाला में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय क्रोनोबायोलॉजी संगोष्ठी के दूसरे दिन देशभर से जुटे वैज्ञानिकों ने नाइट शिफ्ट के दुष्प्रभावों पर गहरी चिंता जताई। विशेषज्ञों के अनुसार, रात में जागकर काम करने से शरीर की प्राकृतिक जैविक घड़ी (बायोलॉजिकल क्लॉक) बिगड़ जाती है। संगोष्ठी में प्रो. सुभाषिस साहू, प्रो. रजत संधीर और डॉ. पिया मजूमदार ने शोध प्रस्तुत करते हुए बताया कि शिफ्ट वर्क के कारण शरीर में ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस और आंत संबंधी विकार तेजी से बढ़ रहे हैं।
वहीं कुछ जीवों में सोते समय भी मस्तिष्क के दोनों हिस्से बारी-बारी से सक्रिय रह सकते हैं, जिससे उन्हें आसपास के खतरे पहचानने, सतर्कता बनाए रखने और संतुलन कायम रखने में मदद मिलती है। आमतौर पर नींद को शरीर और दिमाग के पूरी तरह आराम करने की अवस्था माना जाता है, लेकिन वैज्ञानिक शोध इस धारणा से बिल्कुल अलग तस्वीर पेश करते हैं। जेब्राफिश में नींद के इसी अनूठे पैटर्न से लेकर इंसानों में जैविक घड़ी और अल्जाइमर जैसी गंभीर बीमारियों के संबंध तक पर पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय (रविवि) में आयोजित राष्ट्रीय क्रोनोबायोलॉजी संगोष्ठी के दूसरे दिन विशेषज्ञों ने अपने शोध प्रस्तुत किए।
जीवन विज्ञान अध्ययनशाला में चल रही तीन दिवसीय संगोष्ठी में देशभर से पहुंचे वैज्ञानिकों ने बताया कि शरीर की जैविक घड़ी केवल सोने-जागने का समय तय नहीं करती, बल्कि यह हार्मोन, मस्तिष्क की कार्यप्रणाली, चयापचय (मेटाबॉलिज्म) और संपूर्ण स्वास्थ्य को भी सीधा प्रभावित करती है।
यह भी पढ़ें- Raipur Government Schools: प्लास्टर गिर रहा, छड़ें निकलीं; खतरे के साये में पढ़ रहे बच्चे
एमिटी विश्वविद्यालय और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के प्रो. बिरेंद्र नाथ मलिक ने जेब्राफिश में सामाजिक व्यवहार और नींद के पैटर्न पर व्याख्यान दिया। उन्होंने मस्तिष्क के दोनों हिस्सों में बारी-बारी से होने वाली नींद की प्रक्रिया और उसके जैविक महत्व को विस्तार से समझाया। वहीं, हैदराबाद की प्रो. अनीता जगोटा ने उम्र बढ़ने के साथ शरीर की जैविक घड़ी में आने वाले बदलावों तथा पार्किंसन और अल्जाइमर जैसे तंत्रिका संबंधी विकारों में इसकी भूमिका पर महत्वपूर्ण प्रकाश डाला। दूसरी ओर, डॉ. शिव शंकर सिंह ने मेलाटोनिन और इंसुलिन नियमन के जरिए मधुमेह के प्रभावी उपचार की नई संभावनाएं बताईं।
यह भी पढ़ें- Durg News: कामधेनु विवि में एमटेक व एमएफएससी की 18 सीटों पर 30 को काउंसिलिंग
इंदौर के प्रो. आनंद कर ने शोध के हवाले से बताया कि मौसमी बदलाव प्रयोगशाला के चूहों में लिपिड पेराक्सिडेशन, एंटीऑक्सीडेंट और थायराइड हार्मोन के स्तर को प्रभावित करते हैं। मैसूर के डॉ. के. नीलकांतेश्वर पाटिल ने एंटीबायोटिक प्रतिरोध और ग्लूकोज नियंत्रण में न्यूट्रास्यूटिकल्स की संभावनाओं पर चर्चा की। इसके अतिरिक्त पक्षियों के मौसमी प्रजनन में प्रकाश अवधि की भूमिका, उड़ने वाली लोमड़ी की जैविक लय और पक्षियों के गायन व्यवहार पर भी शोध पत्र पढ़े गए। इस वैज्ञानिक सत्र में नौ मौखिक और 33 पोस्टर प्रस्तुतियां हुईं। समापन पर संगोष्ठी संयोजक व जीवन विज्ञान अध्ययनशाला की विभागाध्यक्ष प्रो. आरती परगनिहा ने आभार व्यक्त किया।
यह भी पढ़ें- CG Teacher Bharti: 92 स्कोर पर भारी 6 अंक, आत्मानंद भर्ती पर उठे सवाल, बिना कट-ऑफ बन रहे शिक्षक