
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिलाई। दाऊ श्री वासुदेव चंद्राकर कामधेनु विश्वविद्यालय, दुर्ग में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के अंतर्गत एमएफएससी (फिशरी) और एमटेक (डेयरी) पाठ्यक्रमों की 18 रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए 30 नवंबर 2026 को दूसरी काउंसिलिंग आयोजित की जाएगी। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, काउंसिलिंग की यह प्रक्रिया सुबह 11 बजे से डायरेक्टर ऑफ इंस्ट्रक्शंस कार्यालय में शुरू होगी। जारी सूचना के मुताबिक, एमटेक/एमएससी डेयरी संकाय में 12 और एमएफएससी फिशरी संकाय में छह सीटें रिक्त हैं। इस प्रकार दोनों पाठ्यक्रमों को मिलाकर कुल 18 सीटों पर योग्य अभ्यर्थियों को प्रवेश का अवसर दिया जाएगा।
विश्वविद्यालय द्वारा जारी सीट मैट्रिक्स के अनुसार, एमटेक डेयरी पाठ्यक्रम के चार अलग-अलग विशेषज्ञता विषयों में कुल 12 सीटें खाली हैं। इनमें डेयरी माइक्रोबायोलॉजी की चार सीटें, डेयरी केमिस्ट्री की दो सीटें, डेयरी टेक्नोलॉजी की चार सीटें और डेयरी इंजीनियरिंग की दो सीटें शामिल हैं। संबंधित विषय में अर्हता रखने वाले अभ्यर्थी इन सीटों के लिए अपनी दावेदारी प्रस्तुत कर सकेंगे।
यह भी पढ़ें- CGPSC Recruitment: जल्द होगी सीजीपीएससी अध्यक्ष की नियुक्ति, सीएम साय ने दिए संकेत
इसी प्रकार एमएफएससी फिशरी पाठ्यक्रम के तहत भी चार प्रमुख शाखाओं में कुल छह सीटें रिक्त हैं। इसमें फिशरीज रिसोर्स मैनेजमेंट की एक सीट, फिश प्रोसेसिंग टेक्नोलॉजी की एक सीट, फिशरीज एक्सटेंशन की दो सीटें और एक्वाटिक एनवायरनमेंट मैनेजमेंट की दो सीटें शामिल हैं। इन सीटों पर मेरिट और नियमानुसार आवंटन किया जाएगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि काउंसिलिंग प्रक्रिया के पहले चरण में उन पात्र अभ्यर्थियों को अवसर दिया जाएगा, जिन्होंने पूर्व में ऑनलाइन पंजीयन कराया है। यदि पूर्व पंजीकृत अभ्यर्थियों के प्रवेश के बाद भी कोई सीट रिक्त रह जाती है, तो उसी दिन मॉप-अप राउंड आयोजित किया जाएगा। इस मॉप-अप राउंड के माध्यम से उन अभ्यर्थियों को भी प्रवेश का मौका दिया जाएगा, जिन्होंने पहले पंजीयन नहीं कराया था।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में 1,295 पदों पर होगी भर्ती, 362 को मिलेगा प्रमोशन, उच्च शिक्षा विभाग ने आयोग को भेजा प्रस्ताव
मॉप अप राउंड में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थियों को 30 नवंबर को निर्धारित समय पर काउंसिलिंग स्थल पर अनिवार्य रूप से उपस्थित होना होगा। प्रवेश प्रक्रिया को पूर्ण करने के लिए अभ्यर्थियों को अपने सभी शैक्षणिक एवं आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियां, स्वप्रमाणित फोटो कॉपी और निर्धारित आवेदन शुल्क साथ लेकर आना होगा। बिना मूल दस्तावेजों के प्रवेश पर विचार नहीं किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- CG Teacher Bharti: 92 स्कोर पर भारी 6 अंक, आत्मानंद भर्ती पर उठे सवाल, बिना कट-ऑफ बन रहे शिक्षक