
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर : तेलघानी नाका स्थित करीब 40 वर्ष पुराने ओवरब्रिज को बुधवार शाम से स्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। जर्जर हो चुके इस पुल पर अब कार, बाइक समेत किसी भी वाहन की आवाजाही नहीं हो रही है। पीडब्ल्यूडी ने पुल के दोनों ओर बैरिकेड लगाकर रास्ता बंद कर दिया है। इसके बाद से वाहन चालक बगल में बने दूसरे ओवरब्रिज से आवाजाही कर रहे हैं।
रेलवे ने करीब चार वर्ष पहले ही इस पुल को असुरक्षित घोषित कर दिया था। इसके बावजूद अब तक पुल से सीमित आवाजाही जारी थी। सुरक्षा के लिहाज से पहले भारी वाहनों पर रोक लगाई गई थी। पिलरों की मरम्मत कर लोहे के अतिरिक्त सपोर्ट भी लगाए गए थे। अब सभी तरह के वाहनों के लिए पुल बंद कर दिया गया है।
पीडब्ल्यूडी वर्ष 2022 से ही पुराने ओवरब्रिज को बदलने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन बजट और तकनीकी प्रक्रियाओं से योजना आगे नहीं बढ़ सकी। रेलवे ट्रैक के ऊपर निर्माण होने से रेलवे की सहमति और तकनीकी मंजूरी जरूरी थी। इसी वजह से दोनों विभागों के बीच प्रक्रिया लंबित रही। अब संयुक्त सर्वे पूरा होने के बाद योजना अगले चरण में पहुंच गई है।
यह भी पढ़ें- नवा रायपुर की साइंस सिटी में होगा 7-डी थियेटर और तारामंडल, युवाओं को पेटेंट दिलाएगी सरकार
पीडब्ल्यूडी ने पहले 30 सितंबर से पुल बंद करने की तैयारी की थी। इसके लिए यातायात विभाग से अनुमति भी मिल गई थी, लेकिन त्योहारों के दौरान बाजारों और सड़कों पर यातायात का दबाव बढ़ने की आशंका से फैसला टाल दिया गया। त्योहार समाप्त होने के बाद बुधवार शाम से पुल को स्थायी रूप से बंद कर दिया गया। अब नए पुल के निर्माण की तकनीकी मंजूरी मिलने और काम शुरू होने तक वाहन चालक बगल वाले ओवरब्रिज से ही आवाजाही कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें- 540 करोड़ के कोयला लेवी घोटाले में पूर्व कांग्रेस कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल को झटका, जमानत याचिका खारिज