
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर: जिस बेटे को खोने के बाद परिवार को आर्थिक सहायता के रूप में चार लाख रुपये मिले थे, उस रकम को भी चोर नहीं छोड़ सके। राजधानी के रावांभाठा स्थित बंजारी नगर के शुक्रवारी बाजार में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरों ने नकदी और सोने-चांदी के जेवरात समेत करीब 7.50 लाख रुपये का माल पार कर दिया। चोरी गई नकदी में डैम में डूबकर जान गंवाने वाले बेटे की मौत के बाद मिली चार लाख रुपये की सहायता राशि भी शामिल थी। परिवार नवरात्रि पर अपने गांव गया था। 14 दिन बाद लौटने पर चोरी का पता चला।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि करीब तीन साल पहले उनका बेटा कारा डैम के पानी में डूब गया था। उसकी मौत के बाद शासन की ओर से परिवार को चार लाख रुपये की सहायता राशि मिली थी। इस रकम को उन्होंने घर में सुरक्षित रखा था। इसके अलावा व्यवसाय की करीब एक लाख रुपये की नकदी भी आलमारी में रखी थी। चोर इन रुपयों के साथ जेवरात भी ले गए।
यह भी पढ़ें- CG में राज्योत्सव के लिए पटवारियों और प्रशासन के बीच टकराव, तूता से हटाए, तो हनुमान मंदिर के दे रहे धरना
चोर करीब सात से आठ तोला सोना और लगभग दो किलो चांदी के जेवरात ले गए। सोने में मंगलसूत्र, मनचली, हार, झुमकी और अंगूठी शामिल हैं। वहीं चांदी में करधन, अधकरधनी, पायल, छागल, बिछिया और बच्चों के जेवर रखे थे। पीड़ित ने चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 7.50 लाख रुपये बताई है।
यह भी पढ़ें- रायपुर में त्योहार से पहले गहराया पेयजल संकट, गुढ़ियारी और भनपुरी समेत कई इलाकों में नलों से निकला मटमैला पानी