
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। नवंबर का आखिरी सप्ताह शुरू हो चुका है, लेकिन राजधानी रायपुर में रात की ठंड का इंतजार अभी बाकी है। आमतौर पर इस समय रात के तापमान में तेज गिरावट के साथ ठिठुरन बढ़ने लगती है, लेकिन इस बार न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी ऊपर बना हुआ है। मंगलवार को रायपुर में न्यूनतम तापमान 20.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.2 डिग्री अधिक है। वहीं दिन का अधिकतम तापमान 30.1 डिग्री पर रहा, जो सामान्य के बराबर है। इसके चलते दिन में धूप के कारण हल्की गर्मी और रात में अपेक्षित ठंड नहीं पड़ने की स्थिति बनी हुई है।
मौसम के इस बदले मिजाज में दिन और रात के तापमान का अंतर भी साफ नजर आ रहा है। दिन का तापमान 30 डिग्री के आसपास बना हुआ है, जबकि रात का पारा 20 डिग्री से नीचे नहीं उतर रहा। ऐसे में नवंबर के अंतिम दिनों में भी लोगों को सुबह और देर रात वाली कड़ाके की ठंड का वैसा अहसास नहीं हो रहा है, जैसा सामान्य तौर पर इस समय होता है। मंगलवार को सुबह साढ़े आठ बजे हवा में नमी 83 प्रतिशत थी, जो शाम साढ़े पांच बजे घटकर 69 प्रतिशत रह गई। आसमान में औसतन 30 प्रतिशत बादल रहे और हवा की औसत गति एक किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई, लेकिन दिनभर बारिश नहीं हुई।
यह भी पढ़ें- CG Weather : बादल छंटते ही छत्तीसगढ़ में दिन का पारा चढ़ा, रात में कंपकंपाने वाली ठंड की दस्तक
प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में तापमान का मिजाज अलग रहा। मंगलवार को जगदलपुर में अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। वहीं पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम है। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 15.3 डिग्री रहा, जबकि बिलासपुर में रात का पारा 19.4 डिग्री दर्ज किया गया। माना एयरपोर्ट पर अधिकतम तापमान 29.7 और न्यूनतम 19.4 डिग्री रहा। दुर्ग में न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री दर्ज किया गया। इन आंकड़ों से साफ है कि उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में रात की ठंड का असर राजधानी और मैदानी क्षेत्रों की तुलना में अधिक है।
यह भी पढ़ें- बालोद में तीन साल में 63 वन्यप्राणियों की मौत, जंगल से खेत और आबादी तक पहुंच रहे वन्यजीव
मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के अनुसार, प्रदेश में फिलहाल किसी सक्रिय मौसम प्रणाली के संकेत नहीं हैं। मंगलवार को पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहा और कहीं भी वर्षा दर्ज नहीं की गई। बुधवार 25 नवंबर को भी मौसम ऐसा ही बने रहने की संभावना है। राजधानी रायपुर में आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। अगले दो दिनों के पूर्वानुमान में भी प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है और फिलहाल बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। यानी राजधानी में बुधवार को भी दिन में धूप और रात में हल्की ठंड के बीच मौसम का मौजूदा मिजाज बरकरार रहने के आसार हैं।