
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। राजधानी के गुढ़ियारी क्षेत्र में किश्तों में जमीन दिलाने का झांसा देकर गृहिणी से 6.09 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई है। आरोपित शाहबुद्दीन खान ने वर्ष 2021 में जमीन का सौदा छह लाख 80 हजार रुपये में तय किया था।
महिला ने अलग-अलग किश्तों में रकम चुकाई, लेकिन पांच साल बीतने के बाद भी न जमीन की रजिस्ट्री हुई और न ही पैसे वापस मिले। शिकायत की जांच के बाद गुढ़ियारी पुलिस ने आरोपित के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
यह भी पढ़ें- IND vs ZIM: टी-20 सीरीज के लिए भारतीय टीम की प्रैक्टिस, टिकटों की ऑनलाइन बिक्री हुई शुरू; इस ऐप से करिए टिकट बुक
पुलिस के अनुसार, विकास नगर निवासी रानी वर्मा को उनके परिचित शाहबुद्दीन खान ने डोमा गांव में 2350 वर्गफुट जमीन दिखाई थी। जमीन पसंद आने पर 11 जून 2021 को अनुबंध किया गया।
इसके बाद 15 जून को 51 हजार रुपये का चेक देने के साथ महिला ने यूपीआई, चेक और नकद के माध्यम से अलग-अलग किश्तों में कुल 6,09,300 रुपये दिए। इसके बावजूद रजिस्ट्री नहीं कराई गई।
जमीन पर दूसरे का बोर्ड देखकर हुआ संदेह
महिला का आरोप है कि कई बार रजिस्ट्री के लिए कहने पर शाहबुद्दीन खान टालमटोल करता रहा। 15 सितंबर 2024 को जमीन देखने पहुंची महिला को वहां किसी दूसरे व्यक्ति के नाम का बोर्ड लगा मिला। संबंधित व्यक्ति ने जमीन बेचने की बात से इन्कार कर दिया। इसके बाद रकम वापस मांगने पर भी उसे लगातार आश्वासन दिया जाता रहा।