
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होने वाली टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के लिए तैयारियां जोरों पर हैं।
श्रृंखला के मुकाबलों के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने सोमवार को मैदान पर चार घंटे कड़ा अभ्यास किया और जीत के लिए अपनी रणनीतिक रूपरेखा तैयार की। वहीं मेहमान टीम जिम्बाब्वे भी सोमवार को रायपुर पहुंच गई है।
टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग शुरू
इस रोमांचक सीरीज में भारतीय टीम की कमान स्टार खिलाड़ी स्मृति मंधाना संभालेंगी, जो पहली बार पूर्णकालिक कप्तान के रूप में मैदान पर उतरेंगी। छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ के डायरेक्टर विजय शाह ने जानकारी दी है कि मैचों के लिए टिकटों की ऑनलाइन बिक्री शुरू कर दी गई है।
जिनी ऐप से कर सकेंगे टिकट बुक
दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेडियम या किसी भी काउंटर पर ऑफलाइन टिकटों की कोई व्यवस्था नहीं रखी गई है। क्रिकेटप्रेमी केवल ‘टिकट जिनी’ एप के माध्यम से ही अपने टिकट बुक कर सकेंगे। शेड्यूल के अनुसार सीरीज का पहला टी-20 मुकाबला 16 अक्टूबर को, दूसरा मुकाबला 18 अक्टूबर को और तीसरा तथा अंतिम टी-20 मुकाबला 20 अक्टूबर को खेला जाएगा। सभी मुकाबले शाम सात बजे से शुरू होंगे।