छठ के बाद भीड़ से राहत, छत्तीसगढ़ होकर चलेगी मिराज-सांतरागाछी स्पेशल ट्रेन
छठ महापर्व के बाद यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने गाड़ी संख्या 01478 मिराज जंक्शन-सांतरागाछी वन-वे पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन 22 नवंबर को मिराज से रवाना होकर सोमवार को दुर्ग, रायपुर व बिलासपुर होते हुए मंगलवार को सांतरागाछी पहुंचेगी।
Publish Date: Sun, 22 Nov 2026 04:04:44 PM (IST)Updated Date: Sun, 22 Nov 2026 04:04:44 PM (IST)
छठ के बाद यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे द्वारा छत्तीसगढ़ के रास्ते मिराज जंक्शन से सांतरागाछी के बीच विशेष पूजा ट्रेन चलाई जा रही है। (फाइल फोटो)HighLights
- सोमवार रात 9 बजे रायपुर और रात 11:05 बजे बिलासपुर स्टेशन पहुंचेगी ट्रेन
- 19 कोच वाली इस विशेष गाड़ी में आठ स्लीपर और नौ जनरल कोच की सुविधा
- गोंदिया, दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर और रायगढ़ सहित 20 प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। छठ महापर्व के बाद ट्रेनों में बढ़ी यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को कम करने और सुगम सफर उपलब्ध कराने के लिए रेल प्रशासन ने एक ट्रिप के लिए विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। गाड़ी संख्या 01478 मिराज जंक्शन-सांतरागाछी वन-वे पूजा स्पेशल ट्रेन दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के गोंदिया, दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर और रायगढ़ स्टेशनों पर रुकते हुए चलेगी। इससे महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल के बीच सफर करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
छत्तीसगढ़ के स्टेशनों पर समय
रेलवे की समय-सारिणी के अनुसार, गाड़ी संख्या 01478 मिराज जंक्शन-सांतरागाछी वन-वे स्पेशल रविवार 22 नवंबर को शाम 18:40 बजे मिराज जंक्शन से रवाना होगी। यह ट्रेन अगले दिन सोमवार 23 नवंबर को शाम 17:50 बजे गोंदिया पहुंचेगी और 17:55 बजे आगे बढ़ेगी। इसके बाद शाम 19:55 बजे दुर्ग आगमन व 20:00 बजे प्रस्थान होगा। राजधानी रायपुर में यह ट्रेन रात 21:00 बजे पहुंचकर 21:05 बजे रवाना होगी, जबकि बिलासपुर स्टेशन पर रात 23:05 बजे आगमन व 23:15 बजे प्रस्थान करेगी। तीसरे दिन मंगलवार 24 नवंबर को तड़के 01:15 बजे रायगढ़ पहुंचकर 01:20 बजे रवाना होगी और दोपहर 13:00 बजे सांतरागाछी स्टेशन पहुंचेगी।
कोच संरचना और ठहराव
इस विशेष ट्रेन में कुल 19 कोच लगाए गए हैं, जिनमें आठ स्लीपर, नौ जनरल और दो एसएलआरडी कोच शामिल हैं। रास्ते में यह ट्रेन पंढरपुर, कुर्डुवाड़ी, दौंड, अहिल्यानगर, बेलापुर, कोपरगांव, मनमाड़, भुसावल, बडनेरा, नागपुर, गोंदिया, दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़, झारसुगुड़ा, राउरकेला, चक्रधरपुर, टाटानगर और खड़गपुर स्टेशनों पर रुकेगी। रेलवे ने यात्रियों से सफर शुरू करने से पहले अधिकृत वेबसाइट, एनटीईएस ऐप या हेल्पलाइन नंबर 139 से समय की पुष्टि करने की अपील की है।