
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। प्रदेशभर के कर्मचारियों और अधिकारियों ने बुधवार को दो सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन के आह्वान पर रायपुर समेत सभी जिलों में आक्रोश रैली निकाली गई।
कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर मांगों पर जल्द निर्णय लेने की मांग की। राजधानी में इंद्रावती भवन के गेट-तीन से कर्मचारियों ने रैली निकालकर विरोध जताया।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में चार IAS अधिकारियों का प्रमोशन, सुबोध सिंह और निहारिका बारिक को मिली ACS की जिम्मेदारी
प्रदेशव्यापी हड़ताल करने की चेतावनी
फेडरेशन की दो प्रमुख मांगों में पटवारियों की तकनीकी और व्यावहारिक समस्याओं का समाधान कर उनके खिलाफ की गई कार्रवाई वापस लेना और कर्मचारियों और पेंशनरों को केंद्र के समान देय तिथि से तीन प्रतिशत लंबित डीए और महंगाई राहत एरियर्स सहित देना शामिल है।
फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा ने कहा कि कर्मचारी टकराव नहीं, बातचीत से मांगों का समाधान चाहते हैं। उन्होंने सरकार से कार्रवाई बंद कर सकारात्मक पहल करने की मांग की। फेडरेशन ने चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द निर्णय नहीं हुआ तो प्रदेशव्यापी हड़ताल सहित उग्र आंदोलन किया जाएगा।