
नईदुनिया प्रतिनिधि, राजनांदगांव। साइबर अपराधियों ने अब एआई तकनीक का दुरुपयोग कर युवतियों को परेशान करने का नया तरीका अपना लिया है। चिखली क्षेत्र में एक 18 वर्षीय छात्रा की तस्वीरों को एआई की मदद से अश्लील रूप देकर इंस्टाग्राम पर साझा करने का मामला सामने आया है।
आरोपित ने फर्जी इंस्टाग्राम खाता बनाकर न केवल छात्रा की अश्लील तस्वीरें स्टोरी में लगाईं, बल्कि उसके परिचितों और दोस्तों को भी भेजीं। शिकायत पर चिखली चौकी पुलिस ने अज्ञात आरोपित के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बीकॉम प्रथम वर्ष की छात्रा है पीड़िता
पुलिस के अनुसार, पीड़िता मूल रूप से घुमका थाना क्षेत्र के ग्राम गोपालपुर की निवासी है। वह वर्तमान में रामनगर चिखली में किराये के मकान में रहकर दिग्विजय कॉलेज में बीकॉम प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही है।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में 11 हजार से अधिक वेटलैंडों की पहचान, सीमांकन पर सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा
लगातार यूजरनेम बदल रहा आरोपी
छात्रा ने शिकायत में बताया कि 15 नवंबर को उसने अपना इंस्टाग्राम खाता खोला तो पता चला कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी तस्वीरों को एआई तकनीक से अश्लील रूप देकर फर्जी खाते की स्टोरी में साझा किया है।
इतना ही नहीं, इन तस्वीरों को उसके दोस्तों के इंस्टाग्राम खातों पर भी भेजा गया। छात्रा के अनुसार, संबंधित व्यक्ति फर्जी खाते का लगातार अपना यूजरनेम बदल रहा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।
यह भी पढ़ें- भिलाई-दुर्ग में इलेक्ट्रिक बस का हुआ ट्रायल, पहले चरण में चलेंगी 20 बसें; 50 ई-बसों को मिली मंजूरी