
नईदुनिया प्रतिनिधि, राजनांदगांव। नवंबर का दूसरा पखवाड़ा शुरू होते ही रातों में सर्दी का अहसास बढ़ने लगा है। सुबह और देर रात तापमान में गिरावट के कारण लोगों को अब गर्म कपड़ों की जरूरत महसूस होने लगी है। मौसम में बदलाव के साथ ही आने वाले दिनों में ठंड का असर और बढ़ने की संभावना है।
हालांकि, बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहा चक्रवाती तूफान मौसम के इस रुख को कुछ समय के लिए प्रभावित कर सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार राजनांदगांव में आगामी दिनों में न्यूनतम तापमान 15 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
दिन में गर्मी का हो रहा अहसास
इसके बाद चक्रवात के प्रभाव से बादल छाने और तापमान में उतार-चढ़ाव के आसार हैं। दिन का अधिकतम तापमान भी 28 से 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। फिलहाल मौसम शुष्क है। दिन में तेज धूप के कारण गर्मी का अहसास हो रहा है, जबकि सुबह और देर रात हल्की ठंड महसूस होने लगी है।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में काली साड़ी पहनकर आंदोलन करेंगी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, थाली और चम्मच बजाकर उठाएंगी मांग
तापमान में दिन और रात के बीच अंतर बना हुआ है। इधर, बंगाल की खाड़ी में एक नया चक्रवाती तंत्र विकसित हो रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार दक्षिण-पूर्वी और उससे लगे दक्षिण-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में बना अवदाब 16 नवंबर तक चक्रवाती तूफान और 17 नवंबर तक गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल सकता है।
इसके बाद इसके आंध्र प्रदेश तट की ओर बढ़ने का अनुमान है। इसका असर जिले के मौसम पर भी पड़ सकता है।
19 से 21 तक चक्रवात का अलर्ट
मौसम विभाग ने 19 से 21 नवंबर के बीच कुछ स्थानों पर वर्षा की संभावना जताई है। यदि चक्रवात के प्रभाव से बादल और वर्षा की स्थिति बनती है तो दिन के तापमान में गिरावट आ सकती है। वहीं, बादलों की मौजूदगी के कारण रात के तापमान में अपेक्षित गिरावट कुछ समय के लिए थम सकती है। इसका असर धान खरीदी, खेतों में कटी फसल और खुले में रखे धान पर भी पड़ सकता है।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में 18 नवंबर को आक्रोश रैली, पटवारियों के समर्थन में उतरा कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन