खैरागढ़ में नाबालिग से शादी रचाने पर जेल, अस्पताल में जांच के दौरान हुआ खुलासा; पुलिस को दी सूचना
करीब ढाई साल पहले प्रेम विवाह करने वाले 20 वर्षीय युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
Publish Date: Wed, 18 Nov 2026 07:48:15 PM (IST)Updated Date: Wed, 18 Nov 2026 07:48:15 PM (IST)
पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल, फोटो-एआई जनरेटेडHighLights
- नाबालिग से शादी करना पड़ा भारी
- पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल
- अस्पताल में जांच के दौरान खुलासा
नईदुनिया न्यूज, खैरागढ़। नाबालिग से शादी करना एक युवक को भारी पड़ गया। करीब ढाई साल पहले प्रेम विवाह करने वाले 20 वर्षीय युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला उस समय सामने आया, जब नाबालिग पत्नी आठ माह की गर्भवती होने पर जांच और जच्चा-बच्चा कार्ड बनवाने सिविल अस्पताल पहुंची।
ड्यूटी पर तैनात महिला डॉक्टर को उसकी उम्र को लेकर संदेह हुआ। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर जांच शुरू की तो नाबालिग से विवाह का मामला उजागर हो गया।
लालपुर निवासी 20 वर्षीय विनय जोशी ने करीब ढाई साल पहले नगर में रहने वाली किशोरी से प्रेम विवाह किया था। विवाह के समय किशोरी की उम्र महज 14 से 15 वर्ष के बीच थी। दोनों की डेढ़ वर्ष की एक बेटी भी है। अब नाबालिग पत्नी दोबारा गर्भवती है और आठ माह का गर्भ चल रहा है।
अस्पताल से मिली सूचना के बाद पुलिस ने दस्तावेजों की जांच की। इसमें युवक की उम्र 20 वर्ष और उसकी पत्नी की उम्र करीब 17 वर्ष पाई गई। नाबालिग से विवाह का मामला सामने आने पर पुलिस ने आरोपित पति के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
निजी अस्पताल में पहले सीजर से हुआ था बेटी का जन्म
नाबालिग ने करीब डेढ़ वर्ष पहले सीजर ऑपरेशन के जरिए बेटी को जन्म दिया था। यह ऑपरेशन नगर के एक निजी अस्पताल में हुआ था। अब वह आठ माह की गर्भवती है। पति की गिरफ्तारी और जेल भेजे जाने के बाद नाबालिग पत्नी और मासूम बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है।
वहीं, परिवार के लोग भी परेशान हैं। इस पूरे मामले ने कम उम्र में विवाह और उसके बाद नाबालिग मां के स्वास्थ्य एवं भविष्य को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मामले में पति को रिमांड पर भेज दिया गया है। पहला बच्चा निजी अस्पताल में या सरकारी अस्पताल में हुआ है उसकी जांच की जा रही है। भीमसेन यादव, थाना प्रभारी खैरागढ़