
नईदुनिया न्यूज, खैरागढ़। पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के बीच जिला प्रशासन ने राजस्व कार्यों में लापरवाही और वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना पर सख्त रुख अपनाया है। जिले में तीन पटवारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है, वहीं हड़ताल में शामिल 57 पटवारियों का अक्टूबर माह का वेतन भी रोक दिया गया है।
दूसरी ओर, हड़ताल पर डटे पटवारियों को अंतिम कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि शासकीय कार्यों में लगातार अनुपस्थिति और आदेशों की अवहेलना पर गंभीर मामलों में सेवा से पृथक करने तक की कार्रवाई हो सकती है।
जिले के गंडई, छुईखदान और साल्हेवारा तहसीलों में पदस्थ पटवारी 13 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। इससे डिजिटल क्रॉप सर्वे, गिरदावरी, फार्मर रजिस्ट्री, स्वामित्व योजना, नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन जैसे महत्वपूर्ण राजस्व कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
आगामी धान खरीदी को देखते हुए फसल संबंधी अभिलेखों का समय पर सत्यापन और अनुमोदन भी जरूरी है। ऐसे में कार्यों के लंबित रहने से किसानों और ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
तीन पटवारियों पर अलग-अलग मामलों में कार्रवाई
प्रशासन ने खैरागढ़ तहसील के हल्का क्रमांक 35 एवं 36 में पदस्थ आकाश सिंह राजपूत को स्वामित्व योजना के प्रतिवेदन में देरी और दो ग्रामों के प्रतिवेदन प्रस्तुत नहीं करने तथा एग्रीस्टैक पोर्टल पर धान पंजीयन के आवेदन लंबित रखने के मामले में निलंबित किया है।
इसी तरह छुई खदान तहसील के हल्का क्रमांक 09 में पदस्थ वाणी झा को डिजिटल क्राप सर्वे, स्वामित्व योजना और किसान पंजीयन के कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं लाने पर निलंबित किया गया है। साल्हेवारा तहसील के बकरकट्टा हल्का क्रमांक 10 में पदस्थ अमित श्रीवास्तव पर वरिष्ठ अधिकारी के आदेश की अवहेलना और स्वामित्व योजना में लापरवाही के चलते कार्रवाई हुई है।
उन्हें 24 सितंबर को कुम्हरवाड़ा हल्का क्रमांक 09 का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया था, लेकिन एक माह से अधिक समय बीतने के बाद भी उन्होंने कार्यभार ग्रहण नहीं किया।
यह भी पढ़ें- रायपुर की खूबसूरती में लगे चार चांद, तालाबों से लेकर मैदान तक 53 सार्वजनिक स्थलों का कायाकल्प
65 में से केवल आठ का वेतन आहरण
कलेक्टर कार्यालय की भू-अभिलेख शाखा की ओर से छह नवंबर को आयुक्त भू-अभिलेख को भेजी गई जानकारी के अनुसार जिले में कुल 65 पटवारी पदस्थ हैं। इनमें कार्यरत अथवा संतान पालन अवकाश पर रहे आठ पटवारियों का अक्टूबर माह का वेतन आहरण किया गया है, जबकि हड़ताल में शामिल शेष 57 पटवारियों का वेतन आहरण नहीं हुआ है।
तीनों निलंबित पटवारियों के मुख्यालय क्रमशः तहसील कार्यालय खैरागढ़, छुईखदान और साल्हेवारा निर्धारित किए गए हैं। उन्हें प्रतिदिन उपस्थिति दर्ज कराने और सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना मुख्यालय नहीं छोड़ने के निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें- रायपुर में 10 साल पुराने बदले की खौफनाक दास्तान, बेटे की मौत के शक में की हत्या; गटर में फेंका शव