राजनांदगांव में डूबने से दो मासूमों की मौत, बिनोखा तालाब में नहाने गए थे बच्चे
भूरवाटोला में तालाब में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। दोनों बच्चे दोपहर में नहाने के लिए बिनोखा तालाब गए थे।
Publish Date: Thu, 12 Nov 2026 09:42:26 PM (IST)Updated Date: Thu, 12 Nov 2026 09:42:26 PM (IST)
फोटो-एआई जनरेटेडHighLights
- डोंगरगढ़ में दो मासूमों की मौत
- तालाब में नहाने गए थे दोनों बच्चे
- बिनोखा तालाब में मिला बच्चों का शव
नईदुनिया न्यूज, डोंगरगढ़। नगर के वार्ड क्रमांक 20 स्थित भूरवाटोला में गुरुवार को तालाब में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। दोनों बच्चे दोपहर में नहाने के लिए बिनोखा तालाब गए थे। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की तो तालाब में दोनों के शव मिले। हादसे से क्षेत्र में शोक का माहौल है।
परिजनों के अनुसार, 12 वर्षीय हर्ष यादव पिता महेंद्र यादव और सात वर्षीय शिवा बोरकर पिता दीपक बोरकर गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे नहाने के लिए तालाब गए थे। हर्ष छठवीं और शिवा पहली कक्षा में पढ़ता था। दोनों डोंगरगढ़ में ही अध्ययनरत थे।
तालाब में तैर रहा था शव
दोपहर करीब दो बजे तक दोनों के घर नहीं लौटने पर परिजन उनकी तलाश में निकले। इसी दौरान स्थानीय लोगों की नजर तालाब में तैरते एक बच्चे के शव पर पड़ी।
ग्रामीणों ने खोजबीन की तो दूसरे बच्चे का शव भी तालाब में मिला। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम के बाद शाम को दोनों बच्चों के शव परिजनों को सौंप दिए गए। परिजनों ने गुरुवार रात ही दोनों का अंतिम संस्कार किया। एक साथ दो मासूमों की मौत से दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वहीं, भूरवाटोला में भी मातम पसरा हुआ है।