
नईदुनिया प्रतिनिधि, राजनांदगांव: शहर के कोतवाली थाने की सुरक्षा व्यवस्था को धता बताकर लूट के मामले में पकड़े गए दो आरोपितों के फरार होने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। थाने के भीतर पुलिस की निगरानी और सुरक्षा के बीच आरोपितों के भाग निकलने की घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना को गंभीरता से लेते हुए एसपी अंकिता शर्मा ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में तीन आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं, फरार आरोपितों की तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमें जुट गई हैं। फरार आरोपितों के आदतन बदमाश होने के कारण पुलिस उनकी गिरफ्तारी को लेकर विशेष सतर्कता बरत रही है।
थाने से आरोपितों के फरार होने के मामले में एसपी अंकिता शर्मा ने सख्त रुख अपनाते हुए आरक्षक नितेश ध्रुव, किशन देवांगन और दुर्गेश साहू को निलंबित कर दिया है। तीनों पर ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने का आरोप है। थाने जैसी सुरक्षित मानी जाने वाली जगह से आरोपितों के फरार होने के बाद पुलिस विभाग ने जिम्मेदारी तय करते हुए यह कार्रवाई की है। इस घटना ने थानों में बंद आरोपितों की निगरानी और सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह भी पढ़ें- 540 करोड़ के कोयला लेवी घोटाले में पूर्व कांग्रेस कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल को झटका, जमानत याचिका खारिज
लूट के मामले में पकड़े गए दोनों आरोपित आखिर थाने से कैसे फरार हुए, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस उनके भागने के तरीके, संभावित रास्तों और ठिकानों का पता लगाने में जुटी है। इसके लिए पुलिस की टीमें सक्रिय की गई हैं। आदतन बदमाश होने के कारण उनके दोबारा किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल होने की आशंका को देखते हुए पुलिस उनकी जल्द गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
यह भी पढ़ें- सीजी उच्च शिक्षा में होगा बदलाव, 30 कॉलेज बनेंगे सेंटर ऑफ एक्सीलेंस; 1.40 लाख छात्रों को अनिवार्य इंटर्नशिप