
नईदुनिया न्यूज, खैरागढ़। माता-पिता से मिले संस्कारों को सेवा और समर्पण के माध्यम से जीवंत रखने की पहल करते हुए वरिष्ठ अधिवक्ता प्रदीप दास ने समाज के सामने अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने मृत्यु के बाद अपना देहदान करने का संकल्प लिया है। साथ ही मां के सम्मान में अपने निजी आवास को 'न्याय मंदिर' के रूप में विकसित करने की घोषणा की है। यहां आपसी बातचीत और सहमति से ऐसे विवादों का समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा, जिनका निराकरण समझौते से संभव है। शनिवार को समाजसेवियों की मौजूदगी में उन्होंने अपने दोनों संकल्प सार्वजनिक किए। देहदान का निर्णय उन्होंने पिता स्वर्गीय चंद्रमोहन दास की स्मृति को समर्पित किया है, जबकि न्याय मंदिर की स्थापना मां के सम्मान और उनके संस्कारों को समर्पित रहेगी।
प्रदीप दास ने बताया कि उनके पिता स्वर्गीय चंद्रमोहन दास न्यायिक सेवा में रहे। अक्टूबर 1996 में उनके निधन के बाद ही मन में देहदान का विचार आया था। उन्होंने संकल्प लिया कि मृत्यु के बाद उनकी देह चिकित्सा शिक्षा और शोध कार्यों में उपयोगी हो सके, जिससे जीवन समाप्त होने के बाद भी मानवता की सेवा जारी रहे। उनके पिता की न्यायिक यात्रा वर्ष 1962 में छिंदवाड़ा में सिविल जज के पद से शुरू हुई थी। वर्ष 1981-82 में उन्होंने रायगढ़ में कार्यकारी जिला एवं सत्र न्यायाधीश के रूप में सेवाएं दीं। इसके बाद बिलासपुर में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद पर कार्य किया और वर्ष 1987 में सेवानिवृत्त हुए।
यह भी पढ़ें- आबकारी आरक्षक की बेटी बनी थी अफसर, अब कांकेर में रिश्वतखोरी ने डुबोई साख
प्रदीप दास का जन्म सात अगस्त 1959 को हुआ। उन्होंने वर्ष 1984 में रायगढ़ के स्वामी बालकृष्ण पुरी लॉ कॉलेज से कानून की पढ़ाई शुरू की। इसके बाद वर्ष 1986-87 में बिलासपुर के कौशलेंद्र राव लॉ कॉलेज से अंतिम वर्ष की पढ़ाई पूरी की। वर्ष 1988 में खैरागढ़ अधिवक्ता संघ की सदस्यता लेकर विधिक सेवाएं शुरू कीं और लंबे समय से क्षेत्र में सक्रिय हैं।
प्रदीप दास का पूरा परिवार भी कानून और न्यायिक सेवा से जुड़ा रहा है। उनके छोटे भाई सिविल इंजीनियर के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं और कानून की पढ़ाई भी कर चुके हैं। छोटे भाई की पत्नी सुनीता दास बिलासपुर हाईकोर्ट में अधिवक्ता हैं। बहन शारदा भी लॉ कॉलेज की छात्रा रही हैं, जबकि उनके जीजा राज्य विधिक सेवा से जुड़े अधिकारी के रूप में बिलासपुर से सेवानिवृत्त हुए हैं। इस तरह परिवार में न्याय, कानून और जनसेवा के संस्कार पीढ़ियों से आगे बढ़ रहे हैं।
यह भी पढ़ें- महासमुंद में कॉन्स्टेबल और उसके रिटायर्ड पिता पर मतांतरण का आरोप, सर्व हिंदू समाज ने SP से की जांच की मांग