
नईदुनिया प्रतिनिधि, जगदलपुर। ट्रॉली बैग में कपड़ों की जगह गांजे के पैकेट छिपाकर आम यात्रियों के वेश में नशे की तस्करी करने वाले गिरोह पर सुकमा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ओडिशा के मलकानगिरी से छत्तीसगढ़ होते हुए उत्तर प्रदेश और दिल्ली तक फैले इस अंतरराज्यीय नेटवर्क को तोड़ते हुए पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में पांच आरोपियों को पकड़ा है। पकड़े गए आरोपियों में ओडिशा और उत्तर प्रदेश से जुड़े दो किशोर भी शामिल हैं। आरोपितों के पास से 14 लाख 62 हजार 500 रुपये मूल्य का 25 किलो 450 ग्राम गांजा बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मलकानगिरी से दोपहिया वाहन पर सवार दो लोग गांजे की खेप लेकर सुकमा आ रहे हैं। जांच नाके पर घेराबंदी के दौरान दोनों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने उन्हें दबोच लिया। तलाशी लेने पर ट्रॉली बैग के भीतर 12 पैकेटों में भरा 25 किलो 450 ग्राम गांजा मिला। पकड़े गए आरोपियों में एक मलकानगिरी निवासी रविंद्र सोड़ी है। वहीं दूसरा आरोपी नाबालिग है।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में 41 दिन बाद खत्म हुई पटवारियों की हड़ताल, CM साय के आश्वासन के बाद काम पर लौटेंगे
सुकमा में पकड़े गए आरोपियों के मोबाइल फोन की तकनीकी जांच के दौरान पुलिस को नेटवर्क की अगली कड़ी का सुराग मिला। मोबाइल लोकेशन के आधार पर मेरठ निवासी अशरफ और मोहम्मद कासिफ तथा नोएडा के एक अपचारी बालक की पहचान हुई, जो सुकमा से निकलकर जगदलपुर पहुंचे थे। सूचना मिलते ही सुकमा पुलिस ने जगदलपुर पुलिस के सहयोग से घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया।
यह भी पढ़ें- राजनांदगांव में घर की छत ढही, मलबे में दबकर मजदूर की मौत
पूछताछ में सामने आया कि यह गिरोह कई स्तरों पर काम करता था। मलकानगिरी से गांजा उपलब्ध कराने वाले और दोपहिया से सुकमा तक लाने वाले लोग अलग थे। इसके बाद बेरोजगार और आर्थिक रूप से कमजोर युवकों को पैसों का लालच देकर वाहक बनाया जाता था। ये वाहक ट्रॉली बैग, सूटकेस और साधारण थैलों में गांजा छिपाकर बसों व ट्रेनों में आम यात्रियों की तरह सफर करते थे और रास्ते बदलते हुए मेरठ, नोएडा व दिल्ली में खेप पहुंचाकर छोटी पुड़ियों में बेचते थे। सुकमा थाना प्रभारी निरीक्षक रोशन राजपूत ने बताया कि गिरोह के मुख्य सरगना की पहचान कर ली गई है और उसके आर्थिक लेन-देन व अन्य साथियों की तलाश जारी है।